सरस्वती शिशु मंदिर में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, स्मार्ट बोर्ड का हुआ लोकार्पण

मेरठ। सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल, पूर्वा महावीर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं जन्माष्टमी का पर्व बड़े हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्मार्ट बोर्ड का शुभारंभ एवं लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न स्वरूपों एवं लीलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा गोयल ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराते हुए भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर रॉयल इंडियन क्लब का विशेष सहयोग रहा। क्लब के अध्यक्ष मयूर मित्तल, सचिव अमित अग्रवाल, सदस्य शरद जिंदल एवं अमरीश अग्रवाल उपस्थित रहे। रॉयल इंडियन क्लब द्वारा विद्यालय को स्मार्ट बोर्ड दानस्वरूप भेंट किया गया, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक एवं तकनीकी शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति के मंत्री सुधांशु अग्रवाल, अध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल, उपाध्यक्ष अधीर मांगलिक, कोषाध्यक्ष परवीन बंसल एवं सदस्य अमरीश अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों और कर्मयोग के संदेश पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

रॉयल इंडियन क्लब के अध्यक्ष मयूर मित्तल ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और परिश्रम को जीवन का आधार बनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन नीतू गोयल ने किया। जन्माष्टमी समारोह में विद्यार्थियों ने दही-हांडी एवं मटकी फोड़ कार्यक्रम में शानदार प्रदर्शन किया तथा "गोविंदा आला रे" गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके साथ ही बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के दस अवतारों का सुंदर एवं ज्ञानवर्धक प्रदर्शन भी किया। श्रीकृष्ण, राधा, बलराम एवं अन्य पौराणिक पात्रों की वेशभूषा में नन्हे विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

इस अवसर पर विद्यालय की स्थापना से अब तक की यात्रा पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई, जिसका निर्माण विद्यालय के आचार्य नवीन विश्नोई एवं आचार्य सूरज ने किया था।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को उपहार एवं पेन वितरित किए गए तथा उनके लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के सभी आचार्यों, शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय परिवार ने रॉयल इंडियन क्लब एवं सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आयोजन ने विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं आधुनिक शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts