शारदा रोड पर जर्जर मकान भरभराकर गिरा, मलबे में दबी व्यापारी की कार

बरसात के दौरान हुआ हादसा, लोगों में मची अफरा-तफरी; व्यापारी ने नाला निर्माण से नींव कमजोर होने का लगाया आरोप

मेरठ। शारदा रोड पर रविवार दोपहर बरसात के दौरान एक जर्जर मकान का हिस्सा भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे में सड़क किनारे खड़ी दिल्ली के व्यापारी नीमेष गुप्ता की कार दब गई। गनीमत रही कि हादसे के समय कार में कोई नहीं था। आसपास मौजूद दुकानदार और राहगीर भी मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।

मकान का मलबा कार के बोनट पर गिरा। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मलबा हटाने के लिए जेसीबी बुलाई गई। यह मकान दिल्ली चुंगी निवासी सोहन लाल गोयल का बताया गया है। भवन जर्जर होने के कारण पहले ही खाली कराया जा चुका था।

नाला निर्माण से नींव कमजोर होने का आरोप

व्यापारी और भवन स्वामी का आरोप है कि नगर निगम की सीएम ग्रिड योजना के तहत नाला निर्माण के दौरान मकान की नींव से सटाकर खोदाई की गई। इससे मकान की सामने की दीवार तिरछी हो गई और दीवारों में दरारें बढ़ती चली गईं। उनका कहना है कि नाले के पानी के कारण भी भवन की स्थिति लगातार खराब हुई।

पहले ही अधिकारियों को दी थी सूचना

भवन स्वामी सोहनलाल गोयल के अनुसार, डीएम, एसएसपी और नगर निगम अधिकारियों को पत्र देकर मकान की जर्जर स्थिति और बारिश में गिरने की आशंका की जानकारी दी गई थी। मुआवजे की मांग भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने हादसे के लिए समय रहते कार्रवाई न होने को जिम्मेदार ठहराया है।

खाली नहीं कर रहा था किरायेदार

भवन स्वामी का आरोप है कि भूतल की दुकान में अमन कुमार किरायेदार के रूप में रह रहा है और जर्जर भवन होने के बावजूद दुकान खाली नहीं कर रहा था। इसी कारण भवन स्वामी खुद भवन को गिरवा नहीं पा रहे थे। अब हादसे के बाद प्रशासन और नगर निगम की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts