कृषि विश्वविद्यालय में ‘खेलेगा इंडिया, जीतेगा इंडिया’ कार्यक्रम शुरू
मेरठ। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के तहत ‘खेलेगा इंडिया, जीतेगा इंडिया’ थीम पर तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त के निर्देशन में आयोजित यह कार्यक्रम 28 से 30 अगस्त तक चलेगा।
कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने कहा कि इस तरह के राष्ट्रव्यापी अभियानों से विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों में खेल भावना विकसित होती है। खेलों से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा फिट इंडिया अभियान के तत्वावधान में किया जा रहा है। इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह का मुख्य केंद्र परिसर में ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान रहा।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. डीके सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के पहले दिन बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। 29 अगस्त को 100 मीटर दौड़, भाला फेंक, गोला फेंक, बास्केटबॉल आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं 30 अगस्त को योग एवं खेल जागरूकता कार्यक्रम होगा।
बैडमिंटन प्रतियोगिता का उद्घाटन अधिष्ठाता हॉर्टिकल्चर सहित विभिन्न महाविद्यालयों के अधिष्ठाताओं, निदेशकों और डीएसडब्ल्यू की मौजूदगी में हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न छात्रावासों के वार्डन डॉ. बिजेंद्र सिंह, डॉ. डीके सिंह, डॉ. आरएस सेंगर, डॉ. राजीव सिंह, डॉ. जेंथामैनुअल, डॉ. वीके सिंह, डॉ. चित्रा सिंह, डॉ. अतर सिंह, नरेंद्र उपाध्याय, हरीश समेत शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment