विद्युत सुरक्षा को लेकर लाइनमैन और टीजी-2 कर्मचारियों को दिया प्रशिक्षण

 मेरठ/बुलंदशहर। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) की ओर से सोमवार को 33/11 केवी हाइडिल सबस्टेशन, बुलंदशहर में लाइनमैन एवं टीजी-2 कर्मचारियों के लिए विद्युत सुरक्षा और तकनीकी विषयों पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग और सुरक्षित कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक करना रहा।

उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष एवं पीवीवीएनएल के प्रबंध निदेशक के निर्देश पर आयोजित प्रशिक्षण में कर्मचारियों को विद्युत उपकेंद्रों पर काम करते समय अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं, उपकरणों के रखरखाव, सुरक्षा किट के उपयोग और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की जानकारी दी गई। कर्मचारियों को ट्रांसफार्मर की सुरक्षा और विद्युत उपकरणों के सुरक्षित संचालन का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान विद्युत लाइनों के रखरखाव, उपकेंद्र संचालन की तकनीकी बारीकियों और आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि नियमित प्रशिक्षण से कर्मचारियों की कार्यकुशलता और आत्मविश्वास बढ़ता है तथा विद्युत दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम के समापन पर कर्मचारियों को विद्युत कार्यों के दौरान पूर्ण सतर्कता बरतने और निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन कर उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकती है।

कार्यक्रम में इं. अभिषेक श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता (मुख्यालय) समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts