नेपाल की बाढ़ का असर: गंडक बराज से एक और शव बरामद, संख्या 15 पहुंची
पश्चिमी चंपारण। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के करीब दो सप्ताह बाद भी गंडक नदी में इसके भयावह असर दिखाई दे रहे हैं। सोमवार सुबह पश्चिमी चंपारण के बगहा स्थित गंडक बराज के इंडिया साइड फाटक नंबर-5 में एक और शव फंसा मिला। सूचना पर नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल (APF) की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला।
नेपाल एपीएफ के त्रिवेणी ओपी के सब इंस्पेक्टर ध्रुवो प्रसाद भट्ट के अनुसार, बरामद शव की अभी पहचान नहीं हो सकी है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। नेपाल के रसुवा क्षेत्र में हुई त्रासदी के बाद गंडक बराज क्षेत्र से अब तक 15 शव बरामद किए जा चुके हैं।
लगातार बरामद हो रहे शव
नेपाल से निकलने वाली कई नदियां उत्तर प्रदेश और बिहार के रास्ते भारत में प्रवेश करती हैं। नेपाल में आई बाढ़ के बाद नदी के तेज बहाव के साथ बड़ी मात्रा में मलबा और अन्य सामान के अलावा शव भी भारतीय क्षेत्र तक पहुंच रहे हैं। गंडक बराज के विभिन्न फाटकों और नदी क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है।
26 अगस्त की त्रासदी के बाद बढ़ा नदी का जलस्तर
बताया गया कि 26 अगस्त को नेपाल के रसुवा क्षेत्र में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद गंडक नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया था। स्थिति को देखते हुए बराज के फाटकों को उठाया गया था। बाद में फाटक बंद किए जाने के बाद अलग-अलग स्थानों पर फंसे शव सामने आने लगे। सोमवार को भी नेपाल पुलिस और APF के जवानों ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर फाटक नंबर-5 में फंसे शव को बाहर निकाला।
नेपाल में इस आपदा के बाद बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। कई परिवार लापता परिजनों की प्रतीक्षा में हैं और कुछ स्थानों पर परिजन प्रतीकात्मक शव बनाकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।


No comments:
Post a Comment