सत्य निकेतन हादसे पर सीएम सख्त, बोलीं- दोषियों को नहीं बख्शेंगे

 बिल्डिंग मालिक समेत अन्य पर एफआईआर दर्ज ,आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दे रही दिल्ली पुलिस 

बेसमेंट में खुदाई के दौरान पिलर खिसकने से इमारत गिरने की शुरुआती जानकारी; अब तक 11 लोगों का रेस्क्यू, चार की मौत, कई घायल

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत ढहने के मामले में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचीं मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चाहे इमारत का मालिक हो या कोई अधिकारी, जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे के समय इमारत के बेसमेंट में काम चल रहा था। वही इस मामले में बिल्डिंग मालिक हरिराम बंसल समेत अन्य के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। दिल्ली पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही है। 

बेसमेंट में खुदाई के दौरान पिलर खिसकने की आशंका

मुख्यमंत्री के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि बेसमेंट में खुदाई के दौरान एक पिलर खिसक गया। इसके बाद पूरी इमारत भरभराकर ढह गई। इमारत काफी पुरानी बताई जा रही है और इसमें निर्माण एवं रेनोवेशन का काम चल रहा था। भवन का इस्तेमाल पीजी के रूप में किया जा रहा था और हादसे के समय इसमें छात्र समेत अन्य लोग मौजूद थे।

11 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

हादसे के बाद एनडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन और अन्य राहत-बचाव टीमें लगातार मलबा हटाने में जुटी हैं। अब तक 11 लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों की जान बचाना है। आसपास के क्षेत्र में भी एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।

चार की मौत, घायलों का अस्पताल में इलाज

हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। मुख्यमंत्री के मुताबिक मृतकों में छात्र युवराज, एक अज्ञात मजदूर और दो अन्य व्यक्ति शामिल हैं। युवराज और अज्ञात मजदूर को एम्स ट्रॉमा सेंटर लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घायलों में छात्र अभिषेक, नीरज और आदित्य का एम्स ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। एक अज्ञात छात्र का आरआर अस्पताल में उपचार जारी है। मजदूर असगर अली का एम्स ट्रॉमा सेंटर और अयान का सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों की हालत भी स्थिर बताई गई है।

मलबे में किसी और के फंसे होने की आशंका

प्रशासन को आशंका है कि मलबे में अभी और लोग फंसे हो सकते हैं। इसी वजह से बचाव दल सावधानी के साथ मलबा हटाकर तलाशी अभियान चला रहे हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एम्स जाकर घायलों का हाल भी जाना। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

मालिक से लेकर अधिकारियों तक की होगी जांच

मुख्यमंत्री ने साफ किया कि हादसे की पूरी जांच कराई जाएगी और जिम्मेदारी तय होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी। बिल्डिंग मालिक हरिराम बसंल समेत अन्य पर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसके अतिरिक्त खासतौर पर बेसमेंट में चल रहे निर्माण या खुदाई के काम और भवन की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है। प्रशासन यह भी पता लगा रहा है कि इमारत में पीजी संचालन और निर्माण कार्य से जुड़े नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। बिल्डिंग मालिक हरिराम बसंल समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी की तलाश में दिल्ली पुलिस की कई टीमे दबिश दे रही है। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts