स्कूली बच्चों ने लिखा स्कूल बैग का मानक, BIS ने कराई प्रतियोगिता
राजकीय इंटर कॉलेज जसौरा में मानक लेखन प्रतियोगिता; छात्रों को ISI मार्क और BIS CARE ऐप की दी जानकारी
जसौरा (मेरठ)। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के गाजियाबाद शाखा कार्यालय की ओर से सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज जसौरा में मानक लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय ‘स्कूल बैग-IS 10228’ रहा। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्कूल बैग के निर्धारित मानकों पर अपने विचार लिखे।
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेन्द्र कुमार सिंह और BIS के संदर्भ व्यक्ति मुकन्द वल्लभ शर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रधानाचार्य ने छात्रों को BIS की भूमिका और दैनिक जीवन में ISI मार्क की उपयोगिता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में गुणवत्ता के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
बैग के मानकों की दी जानकारी
BIS के संदर्भ व्यक्ति मुकन्द वल्लभ शर्मा ने IS 10228 के तहत स्कूल बैग के जरूरी मानकों की जानकारी दी। उन्होंने बैग के वजन, स्ट्रैप की चौड़ाई, पीठ पर गद्देदार कुशनिंग, रिफ्लेक्टर टेप और निर्माण सामग्री के बारे में बताया। साथ ही BIS CARE ऐप के जरिए असली ISI मार्क की पहचान करने की प्रक्रिया भी समझाई।
विजेता छात्रों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार
विद्यालय की मेंटोर मीनाक्षी शर्मा कार्यक्रम की संयोजक रहीं। प्रतियोगिता के मूल्यांकन के बाद प्रथम, द्वितीय, तृतीय और सांत्वना पुरस्कार पाने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अध्यापक प्रदीप कुमार सिंह, सतेन्द्र कुमार, सुशीला पाण्डेय, रूपल, अम्बुज गोयल, वरिष्ठ लिपिक कुणाल सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए भारतीय मानक ब्यूरो, गाजियाबाद शाखा का आभार जताया।

No comments:
Post a Comment