फ्लिपकार्ट ने बढ़ाई सप्लाई चेन की ताकत, 750 नए पिन कोड तक पहुंचेगा बिग बिलियन डेज

ईकार्ट ने 1.4 करोड़ क्यूबिक फीट वेयरहाउसिंग क्षमता जोड़ी, 900 से अधिक नए डिलीवरी हब; पीक प्रोसेसिंग क्षमता 30% से ज्यादा बढ़ी

मेरठ। त्योहारी सीजन और द बिग बिलियन डेज से पहले फ्लिपकार्ट ने अपनी सप्लाई चेन को बड़े स्तर पर विस्तार दिया है। ईकार्ट ने देशभर में 1.4 करोड़ क्यूबिक फीट अतिरिक्त वेयरहाउसिंग स्पेस जोड़ा है, जिससे स्टोरेज क्षमता करीब 50 प्रतिशत बढ़ गई है। तकनीक और ऑटोमेशन में सुधार से पीक प्रोसेसिंग क्षमता भी 30 प्रतिशत से अधिक बढ़ी है।

फास्ट डिलीवरी की बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी ने 900 से अधिक अतिरिक्त डिलीवरी हब जोड़े हैं। इसके साथ ईकार्ट के कुल केंद्रों की संख्या 8,200 से अधिक हो गई है। इनमें फुलफिलमेंट सेंटर, सॉर्टेशन हब और लास्ट-माइल डिलीवरी ऑपरेशन शामिल हैं। वहीं, 150 से अधिक शहरों में फ्लिपकार्ट मिनट्स के करीब 1,200 माइक्रो-फुलफिलमेंट सेंटर संचालित हैं।

750 नए पिन कोड नेटवर्क में शामिल

त्योहारी खरीदारी की पहुंच बढ़ाने के लिए डिलीवरी नेटवर्क में 750 से अधिक नए पिन कोड जोड़े गए हैं। इनमें लेह, कारगिल, राजस्थान और मध्य प्रदेश के अंदरूनी इलाकों के साथ पूर्वोत्तर के कई क्षेत्र शामिल हैं। मिजोरम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के दूरदराज के क्षेत्रों को भी नेटवर्क से जोड़ा गया है।

एमएसएमई, छोटे विक्रेताओं, बुनकरों और कारीगरों के लिए 2.5 करोड़ से अधिक उत्पाद पहले ही ईकार्ट के फुलफिलमेंट सेंटरों में पहुंचाए जा चुके हैं। प्रमुख सेलर हब पर 70 नए पिकअप स्टेशन भी शुरू किए गए हैं। ईकार्ट का 3पीएल फ्रेंचाइजी नेटवर्क दो महीने में दोगुना होकर 600 हो गया है।

फ्लिपकार्ट के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एवं सप्लाई चेन प्रमुख हेमंत बद्री ने कहा कि इस साल लेह और कारगिल जैसे क्षेत्रों के ग्राहक भी पहली बार बिग बिलियन डेज का अनुभव कर सकेंगे। कंपनी के अनुसार, विस्तार का उद्देश्य ग्राहकों तक तेज डिलीवरी पहुंचाने के साथ विक्रेताओं को देश के नए बाजारों तक पहुंच उपलब्ध कराना है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts