650 शोध-पत्र, 63 किताबें और 22 एमओयू... उपलब्धियों से भरे कार्यकाल के बाद प्रो. युद्धवीर सिंह को विदाई
मेरठ कॉलेज में सेवानिवृत्ति समारोह में शिक्षकों और प्रबंध समिति ने याद किया योगदान, साफा-पटका पहनाकर किया सम्मानित
मेरठ, 22 सितंबर। मेरठ कॉलेज के प्राचार्य प्रो. युद्धवीर सिंह के सेवानिवृत्त होने पर मंगलवार को केंद्रीय पुस्तकालय में भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। प्रबंध समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों और समिति के सदस्यों ने उनके शैक्षणिक एवं प्रशासनिक योगदान को याद किया और उनके स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. अर्चना सिंह और प्रो. चंद्रशेखर भारद्वाज ने किया। जूलॉजी विभाग के प्रो. नीरज कुमार ने अतिथियों, प्रबंध समिति के सदस्यों और शिक्षकों का स्वागत किया। प्रबंध समिति के संरक्षक डॉ. रामकुमार गुप्ता ने शेरो-शायरी के माध्यम से प्रो. युद्धवीर सिंह के व्यक्तित्व और कार्यकाल को याद किया। सचिव विवेक कुमार ने उनके लंबे शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव और महाविद्यालय में योगदान का उल्लेख किया।
दो साल में शोध से लेकर एमओयू तक उपलब्धियों की लंबी सूची
समारोह में बताया गया कि वर्ष 2024 से 2026 के बीच मेरठ कॉलेज में 650 शोध-पत्र और 63 पुस्तकें प्रकाशित हुईं। इसी अवधि में 76 सेमिनार, 24 औद्योगिक भ्रमण, 22 एमओयू, 35 पूर्व छात्र मिलन समारोह और 374 विस्तार एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां आयोजित की गईं। वक्ताओं ने इन उपलब्धियों में प्रो. युद्धवीर सिंह के कार्यकाल की भूमिका को रेखांकित किया।
खेल क्षेत्र में उनके योगदान का भी उल्लेख हुआ। बताया गया कि वह वर्ष 2011 से बीसीसीआई से जुड़े रहे और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन में सचिव की जिम्मेदारी भी संभाली। वर्ष 2025 में भारत-इंग्लैंड क्रिकेट श्रृंखला के दौरान टीम इंडिया के प्रतिनिधिमंडल के साथ उनकी सहभागिता और किंग चार्ल्स से मुलाकात का भी जिक्र किया गया।
साफा-पटका पहनाकर किया सम्मान
देवनागरी शिक्षा समिति के सचिव अजय अग्रवाल और संयुक्त सचिव संजीवेश्वर प्रकाश ने प्रो. युद्धवीर सिंह को साफा एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। प्रबंध कार्यकारिणी की ओर से उन्हें स्मृति-चिह्न के रूप में राम दरबार भेंट किया गया।
वरिष्ठ शिक्षकों डॉ. सांत्वना शर्मा और डॉ. वाचस्पति मिश्रा ने अंग्रेजी और संस्कृत में उनके कार्यकाल एवं उपलब्धियों को याद किया। प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष अमित बंसल तथा कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्यों संजीवेश्वर प्रकाश, जयवीर सिंह, अनुराग गौड़, अनुराग दुबलिश, डॉ. एसपी देशवाल, विजय प्रकाश मित्तल और अंकुर जैन समेत अन्य सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में प्रो. युद्धवीर सिंह ने महाविद्यालय से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वह मेरठ कॉलेज के लिए हरसंभव सहयोग के लिए उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने प्रबंध समिति से महाविद्यालय के विकास में निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे मेरठ कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. ओपी अग्रवाल ने कहा कि प्रो. युद्धवीर सिंह ने अपने कार्यकाल में महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने उनके स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की।

No comments:
Post a Comment