जेएमएस वर्ल्ड स्कूल में 5 अक्टूबर से गूंजेगा अंडर-14 स्कूल क्रिकेट का रोमांच
हापुड़। स्पोर्ट्स फॉर स्कूल फेडरेशन के तत्वावधान में अंडर-14 जोनल स्कूल क्रिकेट चैंपियनशिप का आयोजन 5 अक्टूबर 2026 से जेएमएस वर्ल्ड स्कूल, हापुड़ के क्रिकेट मैदान पर किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूली क्रिकेट को बढ़ावा देने के साथ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
जेएमएस वर्ल्ड स्कूल परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में स्पोर्ट्स फॉर स्कूल फेडरेशन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में स्कूली क्रिकेट प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से टी-20 स्कूल उत्तर प्रदेश क्रिकेट चैंपियनशिप आयोजित की जा रही है। इसके प्रथम चरण में अंडर-14 वर्ग की प्रतियोगिता कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के 18 मंडलों और 75 जनपदों में ट्रायल के माध्यम से खिलाड़ियों का चयन किया गया। जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों के बीच मुकाबलों के बाद मंडल स्तर की टीमों का गठन हुआ और इसके बाद चयन प्रक्रिया के आधार पर विभिन्न जोन की टीमें तैयार की गईं।
जेएमएस वर्ल्ड स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. आयुष सिंघल एवं सेक्रेटरी डॉ. रोहन सिंघल ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता से युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव मिलने के साथ आगे बढ़ने के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
प्रतियोगिता में वेस्ट यूपी हस्तिनापुर, पूर्वांचल पैंथर्स, रोहिलखंड रॉयल्स, अवध लायंस, बुंदेलखंड टाइगर्स, बृज केसरिया, संगम सुपर किंग्स और सरयू स्ट्राइकर्स सहित विभिन्न टीमों के बीच मुकाबले होंगे। अजहर अली ने बताया कि सभी टीमों को दो पूल में विभाजित किया जाएगा। प्रत्येक टीम लीग चरण में तीन मैच खेलेगी। लीग मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल और फिर फाइनल मुकाबला होगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों को उनके प्रदर्शन और सहभागिता के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रेस वार्ता के दौरान मुरादाबाद के रणजी क्रिकेट खिलाड़ी सलीम अहमद सहित रविंद्र भाटिया, पार्थ रावत, आदित्य यादव, मुशर्रफ सब्जवारी, अशरफ सब्जवारी, लियाकत सब्जवारी और अमित राजपूत आदि मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार चैंपियनशिप उत्तर प्रदेश के उभरते युवा क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करेगी और स्कूली क्रिकेट को प्रोत्साहित करने में सहायक होगी।


No comments:
Post a Comment