एयरटेल के 37.6 करोड़ ग्राहकों को मिलेगा डुओलिंगो का सुपर सब्सक्रिप्शन
12 महीने तक निशुल्क मिलेगी प्रीमियम सुविधा, एआई आधारित रीयल-टाइम बोलने के अभ्यास का भी लाभ
मेरठ, 7 सितंबर। दुनिया के प्रमुख मोबाइल लर्निंग प्लेटफॉर्म डुओलिंगो ने भारती एयरटेल के साथ साझेदारी की है। इसके तहत एयरटेल के 37.6 करोड़ ग्राहकों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के 12 महीने तक सुपर डुओलिंगो का सब्सक्रिप्शन मिलेगा। यह सुविधा एयरटेल के मोबाइल, वाई-फाई और डीटीएच ग्राहकों के लिए उपलब्ध होगी।
सुपर डुओलिंगो के माध्यम से ग्राहक विज्ञापन-मुक्त भाषा सीखने का अनुभव हासिल कर सकेंगे। इसमें अनलिमिटेड एनर्जी, एआई आधारित रीयल-टाइम बोलने का अभ्यास, व्यक्तिगत जरूरतों के अनुरूप अभ्यास और अपनी गलतियों की समीक्षा जैसी सुविधाएं शामिल हैं। ग्राहक एयरटेल ऐप के जरिए इस ऑफर का लाभ उठा सकेंगे और इसके लिए क्रेडिट कार्ड की आवश्यकता नहीं होगी।
डुओलिंगो इंडिया में बिजनेस डेवलपमेंट प्रमुख राशि धनानी ने कहा कि भारत कंपनी के महत्वपूर्ण बाजारों में से एक है। छात्रों, पेशेवरों और तेजी से वैश्विक होते कार्यबल के बीच भाषा सीखने की मांग लगातार बढ़ रही है। एयरटेल के साथ साझेदारी से सुपर डुओलिंगो को अधिक लोगों तक पहुंचाने और उन्हें बेहतर सीखने का अनुभव देने में मदद मिलेगी।
डुओलिंगो का ऐप 40 से अधिक भाषाओं में पाठ्यक्रम उपलब्ध कराता है। छोटे-छोटे पाठ, गेमिफिकेशन, व्यक्तिगत सीखने और एआई आधारित सुविधाओं के जरिए भाषा सीखने को आसान और रोचक बनाया गया है। प्लेटफॉर्म पर भाषा के अलावा शतरंज, गणित और संगीत सीखने की सुविधा भी उपलब्ध है।
डुओलिंगो भारतीय शिक्षार्थियों के लिए लगातार नए पाठ्यक्रम भी जोड़ रहा है। हाल ही में ‘पंजाबी के माध्यम से अंग्रेजी सीखें’ पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। इसके अलावा हिंदी, बांग्ला, तेलुगु, तमिल और उर्दू के माध्यम से भी पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। कंपनी का कहना है कि स्थानीय भाषाओं के माध्यम से सीखने की सुविधा बढ़ाकर देश के विविध शिक्षार्थियों तक भाषा शिक्षा पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
साझेदारी के तहत मिलने वाले लाभ मौजूदा सुपर डुओलिंगो सब्सक्रिप्शन के आधार पर एक वर्ष के लिए मान्य होंगे। नियम एवं शर्तें लागू।


No comments:
Post a Comment