आदमी से बड़ी मूर्तियां...!
- ललिता जोशी
आदमी अपनी प्रसन्न्ता या फिर यूं कहें कि अपने मनोरंजन और प्रतिष्ठा के लिए कुछ न कुछ करता ही रहता है । संगीत और कला से अपना मनोरंजन करता है । संगीत में फिल्मी संगीत से लेकर सुगम संगीत, शास्त्रीय संगीत, लोक संगीत और पाश्चात्य संगीत इत्यादि । इसके अलावा आदमी अपने लिए कला और स्थापत्य के नमूने बनाते हैं । मूर्तियाँ प्रत्येक देश की कला को दर्शाती है। आजकल अपने देश में मूर्तियों की भरमार तो हमेशा ही रही है मंदिरों में भगवान की मूर्तियाँ। घरों में भी मूर्तियाँ होती हैं ये वो मूर्तियां हैं जो घर में रहने वालों को पसंद हों । मूर्तियों से ये लगाव इतना बढ़ता जा रहा है कि पूछो मत।
पहले आदमकद मूर्तियाँ बनती थीं लेकिन अब आलम ये है कि आदमी का कद तो छोटा रह गया है और मूर्तियाँ की उचाई बढ़ती ही जा रही है । अपने देश में भगवानों और महान नेताओं की मूर्तियों की संख्या में दिनोंदिन वृद्धि होती जा रही है । ये मूर्तियाँ इतनी ऊंचाई लिए हुए बन रही हैं जैसे की आसमान को चूम ही लेंगी । मूर्तियाँ और मूर्तियाँ बनाने वाले दोनों ही चर्चा में आ जाते हैं । वैसे इतनी विशालकाय मूर्तियों को बनाकर सरकार एक तरफ तो उस महान व्यक्ति के काम और नाम को जन -जन तक पहुंचना चाहती है तो दूसरी ओर इन मूर्तियों से सरकार अपनी आमदनी भी बढ़ा लेती है। मूर्तियों से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है । सरकारें अक्सर अति उत्साह में बड़ी विशालकाय मूर्तियों का निर्माण धड़ाधड़ करवाती जा रही है । कुछ शहरों में तो ये मूर्तियाँ धराशायी भी हो गईं तो फिर क्या था विपक्षी दलों को रुलिंग पार्टी की आलोचना का मौका मिल गया।
अरे मूर्तियाँ बननी चाहिए लेकिन इन मूर्तियों की गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए । अपने देश में तो पूल और फ्लाईओवर तो बनते ही गिरने के लिए हैं । लेकिन प्रसिद्ध व्यक्तियों की मूर्तियाँ तो बनी ही उनके कृतित्व के कारण । इन मूर्तियों के साथ आम लोग अपनी स्मृति के तस्वीरें खिचवाता है ताकि ये स्मृतियाँ ताउम्र उसके साथ बनी रहें । मूर्तियों की तस्वीर के फोटो खिचवाइए लेकिन इन प्रसिद्ध व्यक्तियों के विषय में भी पाठ्य पुस्तकों में अध्ययन जरूर करवाना चाहिए । तभी आने वाली पीढ़ियों को इनके योगदान के विषय में ज्ञान होगा ।
मूर्तियाँ तो हम बना देते हैं लेकिन क्या इन विशालकाय मूर्तियों की साफ -सफाई की जाती है क्या ?
अक्सर मूर्तियों के ऊपर पंछी बैठकर अपना नित्यकर्म करते हैं । ये सब जब देखने को मिलता है तो हृदय और मन में पीड़ा होती है । महानता मूर्तियों से नहीं इन महान व्यक्तियों के कृतित्व और वयक्तित्व की जानकारी को पाठ्यपुस्तकों और सभी सोशल मीडिया प्लेटफ़ोर्मस पर उपलब्ध होने चाहिये । वैसे तो इनके विषय में जानकारी तो उपलब्ध होती हैं लेकिन आम जनता की रुचि गेम्स और अन्य सामग्री में होती है । हमें अपने महान व्यक्तियों और अपनी विरासत को जानना चाहिए । तभी तो हम अपनी युवा पीढ़ी और भावी पीढ़ियों को अपने इस सनातन संस्कृति और देश पर गर्व होगा । आज अधिकांश युवा पीढ़ी रील्स और फॉलोवर्स के चक्कर में घनचक्कर बनी हुई है । यदि मूर्तियों को आदमी से बड़ा बनाया जाएगा तो वो मनोरंजन का ही साधन मात्र रह जाएंगी । किसी ने सही कहा है :
1. “सफलता के पत्थर को
तराश कर ही मूर्ति बनेगी
मेहनत और लगन से ही
सफलता मिलेगी”
2. जब विचार कमजोर पड़ने लगते हैं
मूर्तियाँ खड़ी होने लगती हैं
एक मूर्ति गढ़ी जाती है और समय बढ़ जाता है
एक नए विचार की तलाश में
(मुनिरका एन्क्लेव, दिल्ली)




.jpg)

No comments:
Post a Comment