12 साल बाद कांग्रेस में लौटे रविंद्र सिंह आनंद, बोले- उत्तराखंड को सुशासन देना मेरा संकल्प

भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर साधा निशाना, राहुल गांधी के संघर्ष से प्रभावित होने की बात कही

देहरादून, 7 सितंबर। पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने करीब 12 वर्ष बाद कांग्रेस में वापसी की है। उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा की मौजूदगी में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में लौटने के बाद आनंद ने इसे राजनीतिक वापसी के साथ-साथ अपने पुराने परिवार में लौटने जैसा भावनात्मक क्षण बताया।

रविंद्र सिंह आनंद ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में उन्होंने प्रदेश की राजनीति और परिस्थितियों को करीब से समझा है। वर्तमान हालात को देखते हुए उन्होंने कांग्रेस में वापस आने का निर्णय लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था, अपराध, माफिया गतिविधियों और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर गंभीर सवाल उठाए।

आनंद ने आरोप लगाया कि प्रदेश में आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को राजनीतिक संरक्षण मिलने की धारणा मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार की पहली जिम्मेदारी जनता की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करना है। उत्तराखंड की मातृशक्ति सुरक्षित रहे, युवाओं को रोजगार मिले और आम नागरिक सम्मान के साथ जीवन जी सके, इसके लिए प्रभावी शासन जरूरी है।

कांग्रेस में वापसी के फैसले के पीछे उन्होंने राहुल गांधी के संघर्ष और जनहित की राजनीति को भी महत्वपूर्ण कारण बताया। आनंद ने कहा कि राहुल गांधी ने जनता के बीच जाकर उनकी आवाज उठाने, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा तथा आम आदमी के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया है।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि उत्तराखंड में सुशासन, संवेदनशील और जनहितकारी सरकार के लिए काम करना है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाने का आह्वान किया।

आनंद ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश की जनता को भाजपा सरकार की कथित नाकामियों का लोकतांत्रिक जवाब देना होगा और उत्तराखंड में कांग्रेस की मजबूत एवं जनहितकारी सरकार बनाने के लिए मिलकर काम करना होगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts