नूरनगर में ‘अपनी लाइब्रेरी’ शुरू, जरूरतमंद छात्रों को मिलेगी निशुल्क पढ़ाई की सुविधा
सोशल फाउंडेशन की पहल से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी
मेरठ, 7 सितंबर। शिक्षा के क्षेत्र में जमीनी स्तर पर पहल करते हुए दिल्ली की सामाजिक संस्था सोशल फाउंडेशन ने मेरठ के नूरनगर गांव में ‘अपनी लाइब्रेरी’ की शुरुआत की है। संस्था के ‘अपना गांव : सर्वांगीण विकास मिशन’ के तहत शुरू की गई इस लाइब्रेरी में जरूरतमंद विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए किताबें और अन्य आवश्यक सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
नूरनगर स्थित अंबेडकर भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, समाजसेवियों, छात्रों और ग्रामीणों की मौजूदगी में लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सोशल फाउंडेशन के अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने कहा कि संस्था समाज के सर्वांगीण विकास के लिए जमीनी स्तर पर कार्य कर रही है। लाइब्रेरी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के ऐसे विद्यार्थियों को अध्ययन का बेहतर माहौल उपलब्ध कराना है, जो संसाधनों के अभाव में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते।
उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी के संचालन में सोशल फाउंडेशन के उपाध्यक्ष सुनील कुमार, धर्मेन्द्र कुमार (सहायक विकास अधिकारी सहकारिता, हापुड़) सहित गांव के वरिष्ठ नागरिकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। उन्होंने कहा कि मेरठ जिले के अन्य गांवों में भी इस तरह की लाइब्रेरी शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बदायूं में तैनात एडीएम रामकेश धामा ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर मंच मिलेगा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर प्रशासनिक सेवाओं में पहुंचे अधिकारियों से भी ऐसी पहल में सहयोग करने का आह्वान किया।
सोशल फाउंडेशन के महासचिव नवीन कुमार ने बताया कि जल्द ही लाइब्रेरी में कंप्यूटर की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन, परीक्षा फार्म और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं आसानी से पूरी कर सकेंगे। लाइब्रेरी में सीसीटीवी कैमरे समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर मार्गदर्शन दिया। अतिथियों ने लाइब्रेरी के संसाधन जुटाने के लिए आर्थिक सहयोग भी दिया। इस अवसर पर सोशल फाउंडेशन की ओर से अतिथियों और लाइब्रेरी में अध्ययनरत मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन ‘अपनी लाइब्रेरी’ के मार्गदर्शक एवं नूरनगर निवासी धर्मेन्द्र कुमार (एडीओ सहकारिता, हापुड़) ने किया। कार्यक्रम में सोशल फाउंडेशन के अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार, महासचिव नवीन कुमार, को-ऑर्डिनेटर सुनील कुमार, सचिव जोधा सिंह सहित गांव के वरिष्ठ नागरिक, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment