यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, 35 आईपीएस अधिकारियों के तबादले

कई जिलों, पुलिस कमिश्नरेट और मुख्यालयों में बदले अधिकारी; सभी को तत्काल नई तैनाती संभालने के निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 35 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। शासन की ओर से तबादला आदेश जारी कर सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। तबादलों में पुलिस कमिश्नरेट, जिलों के साथ-साथ विभिन्न मुख्यालयों में तैनात अधिकारी भी शामिल हैं।

चारू निगम को गाजियाबाद, श्रवण कुमार सिंह गौतमबुद्धनगर भेजे गए

2014 बैच की आईपीएस अधिकारी चारू निगम को यूपी-112, लखनऊ में पुलिस अधीक्षक के पद से हटाकर 47वीं वाहिनी पीएसी, गाजियाबाद का सेनानायक बनाया गया है। इसी बैच के श्रवण कुमार सिंह को कानपुर नगर के डीसीपी पद से स्थानांतरित कर गौतमबुद्धनगर का डीसीपी नियुक्त किया गया है।

2015 बैच के प्रमोद कुमार को डीसीपी वाराणसी से हटाकर साइबर मुख्यालय, लखनऊ में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं रवि शंकर निम को डीसीपी गौतमबुद्धनगर से हटाकर 02वीं वाहिनी एसएसएफ, गोरखपुर में सेनानायक की जिम्मेदारी दी गई है।

आगरा, प्रयागराज और गौतमबुद्धनगर में भी बदलाव

2016 बैच के अतुल शर्मा-द्वितीय को डीसीपी आगरा से हटाकर अभिसूचना मुख्यालय, लखनऊ में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। सोनम कुमार को डीसीपी आगरा से डीसीपी प्रयागराज और रविन्द्र कुमार को डीसीपी कानपुर नगर से डीसीपी आगरा नियुक्त किया गया है।

2018 बैच के साद मिया खां को डीसीपी गौतमबुद्धनगर से डीसीपी आगरा भेजा गया है। वहीं सैय्यद अली अब्बास को डीसीपी आगरा से डीसीपी गौतमबुद्धनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

2020 बैच की श्रुति श्रीवास्तव को अपर पुलिस उपायुक्त वाराणसी से अपर पुलिस उपायुक्त प्रयागराज बनाया गया है। विक्रम दहिया को अपर पुलिस अधीक्षक पीलीभीत से हटाकर अपर पुलिस अधीक्षक चंदौली नियुक्त किया गया है।

उन्नाव, जौनपुर, बाराबंकी और संभल में भी नई तैनाती

2021 बैच के आयुष श्रीवास्तव को पुलिस अधीक्षक नगर जौनपुर से हटाकर पुलिस अधीक्षक नगर उन्नाव बनाया गया है। राजेश गुनावत को सहायक पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद से अपर पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की जिम्मेदारी दी गई है।

अनन्त चन्द्रशेखर को अपर पुलिस अधीक्षक चंदौली से पुलिस अधीक्षक नगर जौनपुर बनाया गया है। 2022 बैच के देवेश चतुर्वेदी को सहायक पुलिस अधीक्षक अयोध्या से अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी, अंबेडकरनगर भेजा गया है।

विवेक तिवारी को सहायक पुलिस अधीक्षक खीरी से अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी, बाराबंकी और सुमित सुधाकर रामटेके को सहायक पुलिस आयुक्त कानपुर नगर से अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी, संभल नियुक्त किया गया है।

तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश

शासन के आदेश के मुताबिक स्थानांतरित सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले पुलिस प्रशासन में हुए इस फेरबदल को प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts