31 दिसंबर 2029 तक ड्रग्स के कारोबार को जड़ से खत्म करने का लक्ष्य

अमित शाह बोले- नारकोटिक्स के खिलाफ ‘मीटिंग से मिशन’ और ‘जब्ती से नेटवर्क ध्वस्त करने’ की ओर बढ़ना होगा

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश में नारकोटिक्स के खिलाफ निर्णायक अभियान का आह्वान करते हुए 31 दिसंबर 2029 तक ड्रग्स के कारोबार को जड़ से खत्म करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में केंद्र और राज्य सरकारों के साथ सभी संबंधित विभागों को मिलकर काम करना होगा।

एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) प्रमुखों की तीसरी राष्ट्रीय बैठक का उद्घाटन करते हुए अमित शाह ने कहा कि नशा-मुक्त भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए लक्ष्य, समय-सीमा और जवाबदेही तय करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नारकोटिक्स के खिलाफ लड़ाई सबसे कठिन चुनौतियों में से एक है और इसे बीच में छोड़ा नहीं जा सकता।

जब्ती से नेटवर्क तोड़ने पर जोर

गृह मंत्री ने कहा कि अब कार्रवाई का फोकस केवल ड्रग्स की जब्ती तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यवस्था को ‘मीटिंग से मिशन’, ‘रिपोर्टिंग से नतीजों’, ‘जब्ती से नेटवर्क ध्वस्त करने’ और ‘केस से सजा दिलाने’ की दिशा में आगे बढ़ाना होगा।

उन्होंने कहा कि पहली ANTF कॉन्फ्रेंस में संस्थागत व्यवस्था तैयार की गई, जबकि दूसरी बैठक में उसे प्रभावी कार्रवाई में बदलने के लिए क्षमता, कार्रवाई और क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। तीसरी बैठक में इस रोडमैप को निर्णायक अभियान में बदलने की दिशा में काम किया जाएगा।

राज्यों और केंद्र के बीच समन्वय जरूरी

अमित शाह ने कहा कि 2029 तक नशा-मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के सभी विभागों का समन्वित प्रयास जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नशे के खिलाफ कई कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद, पूर्वोत्तर में उग्रवाद और नक्सलवाद जैसी चुनौतियों से निपटने में सफलता मिली है। शाह ने कहा कि इसी तरह नारकोटिक्स के खिलाफ अभियान को भी स्पष्ट लक्ष्य और जवाबदेही के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

युवाओं और आने वाली पीढ़ियों पर जोर

गृह मंत्री ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने और युवाओं को देश के विकास से जोड़ने के लिए भारत को नशे के प्रभाव से मुक्त करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को नशे से बचाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts