ढेंकनाल में श्रद्धालु युवक-युवती से सड़क पर बदसलूकी, तीन हिरासत में
बाइक रोककर मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस
ढेंकनाल। ओडिशा के ढेंकनाल जिले में युवक-युवती को बीच सड़क पर रोककर उनके साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना 18 सितंबर को ढेंकनाल और कपिलाश को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर भांडरगढ़ इलाके में हुई बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, युवक और युवती मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनकी बाइक रोक ली। वायरल वीडियो में कुछ लोग दोनों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करते नजर आ रहे हैं। युवती लोगों से उसे छोड़ने और वहां से जाने देने की गुहार लगाती दिखाई दे रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। ढेंकनाल एसपी अभिनव सोनकर के मुताबिक, गअंदिया थाना क्षेत्र में केस नंबर 480/2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता युवती अर्पिता मोहंती हैं। पुलिस ने अब तक सरोज नायक, समीर नायक और संग्राम रथ को पकड़ा है। पुलिस युवती का बयान दर्ज करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटा रही है।
पुलिस बोली- जांच के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
एसपी ने बताया कि पीड़िता और उसके दोस्त को सुरक्षा एवं कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी अपराध सामने आएगा, उसके अनुसार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

No comments:
Post a Comment