सोल्फेज स्मार्ट इलेक्ट्रॉनिक्स का आईपीओ 30 सितंबर को खुलेगा
21.78 करोड़ रुपये का इश्यू, बीएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर होगी लिस्टिंग; 55 रुपये प्रति शेयर तय हुआ मूल्य
नोएडा। स्मार्ट इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार से जुड़ी कोलकाता की कंपनी सोल्फेज स्मार्ट इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड का आईपीओ 30 सितंबर 2026 को खुलेगा और 5 अक्टूबर को बंद होगा। कंपनी बीएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्टिंग के लिए 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 39.60 लाख इक्विटी शेयर 55 रुपये प्रति शेयर के इश्यू प्राइस पर जारी करेगी। इश्यू का कुल आकार 21.78 करोड़ रुपये है।
आईपीओ का मार्केट लॉट 2,000 शेयरों का है। रिटेल निवेशकों को न्यूनतम दो लॉट के लिए आवेदन करना होगा, जिसके लिए 2.20 लाख रुपये की जरूरत होगी। एचएनआई निवेशकों के लिए न्यूनतम तीन लॉट यानी 3.30 लाख रुपये का आवेदन निर्धारित किया गया है। फिनशोर मैनेजमेंट सर्विसेज लिमिटेड इश्यू का बुक रनिंग लीड मैनेजर और केफिन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड रजिस्ट्रार है।
कंपनी आईपीओ से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल कारोबार विस्तार में करेगी। 12 नए शोरूम खोलने के लिए 8.54 करोड़ रुपये, वर्किंग कैपिटल के लिए 9.67 करोड़ रुपये और सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए 1.80 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर उमेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि प्रीमियम होम एंटरटेनमेंट और स्मार्ट लिविंग सॉल्यूशंस की बढ़ती मांग के बीच कंपनी अपनी बाजार मौजूदगी और ग्राहक अनुभव को मजबूत करने पर ध्यान देगी।

No comments:
Post a Comment