नागालैंड में जहरीली शराब का कहर, 19 लोगों की मौत
शराबबंदी के बावजूद दो जिलों में सामने आया मामला, सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए SIT गठित
कोहिमा। नागालैंड में कथित तौर पर मिलावटी या जहरीली शराब पीने से 19 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, पिछले दो दिनों में मोकोकचुंग जिले में आठ और तुएनसांग जिले में 11 लोगों की मौत कथित रूप से अवैध शराब के सेवन से हुई है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शराब के स्रोत और सप्लाई चेन की होगी जांच
सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) वेसुप्रा केज़ो ने शनिवार को बताया कि मामले की जांच और कथित मिलावटी शराब के स्रोत का पता लगाने के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया है। ASP आई. बुंगलांग चांग के नेतृत्व में गठित टीम शराब की सप्लाई चेन की भी जांच करेगी और यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि अवैध शराब कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया गया।
1990 से लागू है शराबबंदी
नागालैंड में वर्ष 1990 से शराबबंदी लागू है। इसके बावजूद अवैध शराब की बिक्री और सेवन से जुड़ी इस घटना ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने मामले में जांच तेज कर दी है और संभावित जिम्मेदार लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

No comments:
Post a Comment