पाकिस्तान की मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान धमाका, 16 की मौत
कोहाट में ओल्ड पुलिस लाइन के पास हुआ फिदायीन हमला; मृतकों में 11 आम नागरिक और पांच पुलिसकर्मी, 50 से अधिक घायल
कोहाट। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान मस्जिद में जोरदार धमाका हो गया। धमाके में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में 11 आम नागरिक और पांच पुलिसकर्मी शामिल हैं।
ओल्ड पुलिस लाइन के पास मस्जिद में धमाका
प्रांतीय पुलिस प्रमुख जुल्फिकार हमीद के अनुसार, मस्जिद में फिदायीन हमला कर धमाका किया गया। घटना कोहाट में ओल्ड पुलिस लाइन के पास स्थित मस्जिद में हुई। यह स्थान पेशावर से करीब 60 किलोमीटर दूर है। फिलहाल किसी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
50 से ज्यादा घायल अस्पताल पहुंचे
डिस्ट्रिक्ट हेडक्वार्टर अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट ताहिर अली शाह के मुताबिक, धमाके के बाद 50 से अधिक घायलों को अस्पताल लाया गया। अस्पताल में 15 शव भी पहुंचाए गए थे। पुलिस के अनुसार घायलों में अधिकांश नमाज पढ़ने आए लोग हैं। धमाके की तीव्रता इतनी थी कि मस्जिद के बाहर भी गड्ढा बन गया।
रेस्क्यू टीम ने शुरू किया राहत कार्य
रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी ने बताया कि सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंच गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी है।
फरवरी में इस्लामाबाद की मस्जिद में हुआ था धमाका
इस साल फरवरी में इस्लामाबाद के तरलाई इलाके में खदीजातुल कुबरा मस्जिद-सह-इमामबाड़ा में भी फिदायीन हमला हुआ था। रिपोर्ट के मुताबिक, उस घटना में 70 से अधिक लोगों की मौत और करीब 250 लोग घायल हुए थे। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर को इमामबाड़े के गेट पर रोकने की कोशिश की गई थी, लेकिन उसने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया था।

No comments:
Post a Comment