एसवीपीयूएटी में दस दिवसीय क्षमता निर्माण प्रशिक्षण का समापन
कुलपति ने शोध में नवीनता, गुणवत्ता और नैतिकता पर दिया जोर, कृषि एवं समाजोपयोगी अनुसंधान के लिए किया प्रेरित
मेरठ। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एसवीपीयूएटी) के कृषि महाविद्यालय में कृषि आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन विभाग की ओर से आयोजित दस दिवसीय क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हुआ। मिनी ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त मुख्य अतिथि रहे।
प्रशिक्षण का उद्देश्य शोधार्थियों और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण वैज्ञानिक अनुसंधान, शोध लेखन, डेटा विश्लेषण, वैज्ञानिक संचार और शोध परियोजना प्रबंधन से संबंधित दक्षताओं से परिचित कराना था। दस दिवसीय कार्यक्रम में शोध समस्या की पहचान, अनुसंधान नैतिकता, साहित्य समीक्षा, शोध पद्धति, शोध प्रस्ताव लेखन, परियोजना प्रबंधन और सांख्यिकीय विश्लेषण सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम में R और एआई आधारित डेटा विश्लेषण, वैज्ञानिक लेखन, प्रकाशन नैतिकता, संदर्भ प्रबंधन, बायोइन्फॉर्मेटिक्स, शोध नेटवर्किंग और प्रभावी शोध प्रस्तुतिकरण जैसे विषय भी शामिल रहे।
कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए शोध में नवीनता, वैज्ञानिक गुणवत्ता और नैतिकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शोध के परिणामों को कृषि और समाज के लिए उपयोगी बनाने की दिशा में कार्य किया जाना चाहिए। साथ ही प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को शोध कार्य में लागू करने के लिए प्रतिभागियों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. वी.पी. सिंह, निदेशक अनुसंधान प्रो. कमल खिलाड़ी, प्रशिक्षण कार्यक्रम निदेशक प्रो. एल.के. गंगवार सहित शिक्षक, वैज्ञानिक, शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे। डॉ. हितेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

No comments:
Post a Comment