1500 युवतियों ने ‘त्वम् हि दुर्गा’ सम्मेलन में दिखाई नारी शक्ति

शोभायात्रा में भारतीय संस्कृति की झलक, खुले मंच पर महिला नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण पर रखे विचार

मेरठ। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) मेरठ महानगर की ओर से मंगलवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में ‘त्वम् हि दुर्गा’ युवती सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में शहर के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों से करीब 1500 युवतियों ने हिस्सा लिया। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।

सम्मेलन में नारी शक्ति, शिक्षा, भारतीय संस्कृति, महिला नेतृत्व, सामाजिक सहभागिता, युवा शक्ति और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम तीन चरणों में आयोजित किया गया। पहले चरण में युवती सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने नारी शक्ति की ऐतिहासिक भूमिका और वर्तमान समय में युवतियों की जिम्मेदारियों पर विचार रखे।



शोभायात्रा में दिखी नारी शक्ति

दूसरे चरण में छात्राओं की शोभायात्रा निकाली गई। यह चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से शुरू होकर तेजगढ़ी चौराहे होते हुए पीवीएस मॉल तक पहुंची। बड़ी संख्या में छात्राओं ने इसमें भाग लिया। शोभायात्रा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ नारी शक्ति और भारतीय संस्कृति से जुड़े संदेश भी दिए गए।



खुले मंच पर छात्राओं ने रखे विचार

कार्यक्रम के तीसरे चरण में खुले मंच का आयोजन हुआ, जिसमें छात्राओं को विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखने का अवसर मिला। इसका उद्देश्य युवतियों को अपनी सोच, क्षमताओं और संभावनाओं को सामने रखने तथा सामाजिक मुद्दों पर संवाद के लिए मंच उपलब्ध कराना रहा।

एबीवीपी की प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. जुही अग्रवाल ने कहा कि ‘त्वम् हि दुर्गा’ सम्मेलन का उद्देश्य युवतियों में निहित शक्ति और आत्मविश्वास को जागृत करना है। उन्होंने कहा कि युवतियों को अपनी क्षमताओं को पहचानकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। युवती, परिवार, समाज और राष्ट्र के सशक्तिकरण को एक-दूसरे से जुड़ा बताते हुए उन्होंने युवतियों की सामाजिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts