कांवड़ यात्रा के चलते CCSU ने फिर बदला प्रवेश कार्यक्रम
यूजी-पीजी प्रथम मेरिट से प्रवेश अब 17 से 19 अगस्त तक, 12 से 14 अगस्त तक तैयार होगी मेरिट सूची
मेरठ। कांवड़ यात्रा के चलते चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) ने यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों में प्रथम मेरिट से प्रवेश का कार्यक्रम एक बार फिर बदल दिया है। अब प्रथम मेरिट से प्रवेश 17 से 19 अगस्त तक होंगे। पहले प्रवेश के लिए 13 और 14 अगस्त की तिथि निर्धारित की गई थी।
जिला प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा के मद्देनजर विश्वविद्यालय और सभी महाविद्यालयों में तीन से 12 अगस्त तक अवकाश घोषित किया गया है। इसके चलते विश्वविद्यालय ने रविवार को प्रवेश कार्यक्रम में संशोधन जारी किया। संशोधित कार्यक्रम विश्वविद्यालय परिसर विभाग, संबद्ध महाविद्यालयों और संस्थानों पर लागू होगा।
विश्वविद्यालय के अनुसार 12 से 14 अगस्त तक परिसर विभाग, महाविद्यालय और संस्थान पंजीकृत अभ्यर्थियों का डेटा समर्थ पोर्टल से डाउनलोड कर अंक प्रतिशत, भारांक, आरक्षण नियम और स्पोर्ट्स कोटा आदि के आधार पर प्रथम वरीयता सूची तैयार करेंगे।
17 से 19 अगस्त तक होंगे प्रवेश
17 अगस्त को प्रथम वरीयता सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। महाविद्यालय और संस्थान 17 से 19 अगस्त तक विद्यार्थियों को एडमिशन ऑफर जारी करेंगे। इसी अवधि में विद्यार्थी ऑफर स्वीकार करेंगे और परिसर विभाग प्रवेश शुल्क जमा करने के लिए शेड्यूल जारी करेगा।
महाविद्यालय, संस्थान और परिसर विभाग 17 से 19 अगस्त तक विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं अन्य अभिलेखों की जांच कर प्रवेश कन्फर्म करेंगे। प्रवेश समन्वयक प्रो. भूपेंद्र सिंह ने सभी संस्थानों को 19 अगस्त तक इच्छुक विद्यार्थियों के प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
यह संशोधित कार्यक्रम बीपीईएस, एमपीईएस, बीएससी फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स, बीए एलएलबी, बीकॉम एलएलबी और तीन वर्षीय एलएलबी को छोड़कर अन्य स्नातक, परास्नातक, सर्टिफिकेट और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों पर लागू होगा।
समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध है पीपीटी
विश्वविद्यालय ने प्रवेश प्रक्रिया को समझाने के लिए समर्थ प्रवेश पोर्टल पर पीपीटी भी अपलोड की है। प्रवेश समन्वयक ने महाविद्यालयों और संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि प्रथम वरीयता सूची को सीधे समर्थ पोर्टल पर अपलोड न करें। सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों के लिए पोर्टल पर रिव्यू एंड प्रोसेस के माध्यम से एडमिशन ऑफर और प्रवेश शुल्क जमा करने का शेड्यूल जारी किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment