राजस्थान के 70 वर्षीय कांवड़िये की तबीयत बिगड़ने से मौत
सीएचसी में उपचार के बाद शिविर लौटे थे, दोबारा हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में मृत घोषित
रोहटा (मेरठ)। कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार को राजस्थान के 70 वर्षीय कांवड़िये की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। डूंगर गांव के सामने अचानक स्वास्थ्य खराब होने पर सेवा शिविर संचालकों ने उन्हें एंबुलेंस की मदद से रोहटा सीएचसी में भर्ती कराया। उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर उन्हें वापस कांवड़ सेवा शिविर में भेज दिया गया था।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे डूंगर गांव के सामने कांवड़िये की तबीयत अचानक बिगड़ी और वह बैठा-बैठा गिर गया। सेवा शिविर संचालकों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उन्हें सीएचसी पहुंचाया। उपचार के बाद आराम मिलने पर उन्हें डूंगर कांवड़ सेवा शिविर में वापस भेज दिया गया और आराम करने की सलाह दी गई।
दोपहर करीब दो बजे कांवड़िये की हालत फिर बिगड़ गई और वह बैठे-बैठे पीछे की ओर गिर पड़े। शिविर संचालकों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आधार कार्ड से हुई पहचान
कांवड़िये के बैग से मिले आधार कार्ड के आधार पर उनकी पहचान अजीत सिंह (70), पुत्र श्योराज सिंह, निवासी सराय कलां, तहसील मुंडावर, जिला खैरथल, राजस्थान के रूप में हुई है। उनके साथ कोई अन्य साथी नहीं मिला। पुलिस आधार कार्ड पर दर्ज पते के आधार पर परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि मृतक कांवड़िये के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। परिजनों के संपर्क में आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment