मेरठ में 16.39 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी कृमिनाशक दवा, आरजी इंटर कॉलेज में डीएम ने किया एनडीडी अभियान का शुभारंभ
मेरठ। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) के तहत शुक्रवार को आरजी इंटर कॉलेज, मेरठ में अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी डा. वीके सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने बच्चों को एल्बेंडाजॉल की गोली खिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा के महत्व पर भी जानकारी दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राम प्रसाद ने बताया कि एल्बेंडाजॉल बच्चों के स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है। जिले में 1 से 19 वर्ष तक के 16,39,583 बच्चों, किशोरों और किशोरियों को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर निशुल्क कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी।
उम्र के हिसाब से दी जाएगी दवा की खुराक
नोडल अधिकारी एनडीडी डा. अतुल कुमार ने बताया कि 1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली चूरा करके, 2 से 3 वर्ष के बच्चों को एक गोली चूरा करके और 3 से 19 वर्ष तक के बच्चों को एक गोली चबाकर पानी के साथ दी जाएगी। स्कूल नहीं जाने वाले और गैर-पंजीकृत बच्चों को भी नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र पर दवा खिलाई जाएगी।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डा. अंकुर त्यागी ने बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। डीसीपीएम हरपाल सिंह ने लोगों से अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
18 अगस्त को होगा मॉप-अप दिवस
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान जो बच्चे एल्बेंडाजॉल की दवा खाने से छूट जाएंगे, उन्हें 18 अगस्त 2026 को मॉप-अप दिवस पर दवा खिलाई जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों से अभियान में पूर्ण सहयोग करने की अपील की।
आरजी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने अतिथियों का स्वागत किया और विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डीसीपीएम हरपाल सिंह, जेएसआई कार्यक्रम अधिकारी अल्ताफ अली, डीसी एनडीडी रिजवान, एनसीडी सेल के सचेत, आरिफ सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शहरी क्षेत्र की आशा और एएनएम मौजूद रहीं।



No comments:
Post a Comment