देशभक्ति के रंग में रंगा नमो भारत कॉरिडोर:

 आनंद विहार स्टेशन पर कॉलेज बैंड ने बांधा समां, तिरंगे की रोशनी और सेल्फी बूथ बने आकर्षण

मेरठ। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में एनसीआरटीसी की ओर से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नमो भारत कॉरिडोर पर विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर ‘देश मेरे’ नाम से विशेष संगीत कार्यक्रम आयोजित हुआ। जीसस एंड मैरी कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय और मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) के कॉलेज बैंड ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं।

युवा कलाकारों की प्रस्तुतियों ने स्टेशन का माहौल देशभक्ति से सराबोर कर दिया। यात्रियों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया और गीतों के साथ सुर मिलाते नजर आए। प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की एकता, गौरव और स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के साहस को नमन किया गया।

तिरंगे की रोशनी से जगमगाए नमो भारत स्टेशन

स्वतंत्रता दिवस का उत्साह नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की रोजमर्रा की यात्रा में भी नजर आ रहा है। स्टेशनों और नमो भारत ट्रेनों में ‘वंदे मातरम्’ की वाद्य धुनें बजाई जा रही हैं। कई स्टेशनों को तिरंगे के रंगों वाली रोशनी से सजाया गया है, जिससे परिसर केसरिया, सफेद और हरे रंगों में जगमगा रहे हैं।

सेल्फी बूथ पर तिरंगे के साथ तस्वीरें

भारत सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत एनसीआरटीसी ने कई नमो भारत स्टेशनों पर तिरंगा थीम वाले बैकड्रॉप और सेल्फी बूथ भी लगाए हैं। यात्री इन सेल्फी प्वाइंट्स पर तिरंगे के साथ तस्वीरें खिंचवाकर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में भाग ले रहे हैं।

एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने भी निदेशकों के साथ अभियान में भाग लिया और तिरंगे के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। इन गतिविधियों का उद्देश्य यात्रियों को स्वतंत्रता दिवस के उत्सव से जोड़ने के साथ उनमें राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करना है।

नमो भारत को सामाजिक केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल

एनसीआरटीसी का उद्देश्य नमो भारत स्टेशनों को केवल आवागमन के केंद्र के बजाय जीवंत और समावेशी सामाजिक केंद्र के रूप में विकसित करना है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित ये कार्यक्रम देश की आजादी के बाद की विकास यात्रा को याद करने और भविष्य के भारत के निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का अवसर भी दे रहे हैं।

आधुनिक क्षेत्रीय परिवहन प्रणाली के रूप में नमो भारत आत्मनिर्भर और विकसित भारत की आकांक्षाओं को दर्शाता है। वर्तमान में करीब एक लाख यात्री प्रतिदिन भारत के प्रथम नमो भारत कॉरिडोर पर सफर कर रहे हैं। ऐसे में ये आयोजन देश की उपलब्धियों के साथ ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के संकल्प को भी रेखांकित कर रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts