एनसीसी कैडेट्स को नई रैंक देकर किया सम्मानित, सेना में करियर अवसरों की दी जानकारी
मेरठ। रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज (आरजी पीजी कॉलेज) के एनसीसी विभाग की ओर से एनसीसी माइलस्टोन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कैडेट्स की उपलब्धियों को सम्मानित करने के साथ उन्हें नेतृत्व, अनुशासन, राष्ट्रसेवा और भारतीय सेना में करियर के अवसरों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट कर्नल सचिन कुमार शर्मा, प्राचार्या प्रो. निवेदिता मलिक और वरिष्ठ जीसीआई संध्या सिंह मौजूद रहीं। एएनओ मेजर प्रो. अंजुला राजवंशी ने अतिथियों, अभिभावकों और कैडेट्स का स्वागत किया, जबकि अंडर ऑफिसर वार्तिका सिंह ने संचालन किया।
सेना में भर्ती के विभिन्न रास्तों की दी जानकारी
कार्यक्रम की शुरुआत ‘Know Your Army’ विषय पर लेफ्टिनेंट कर्नल सचिन कुमार शर्मा के व्याख्यान से हुई। उन्होंने ‘Why Should We Join the Indian Army’ विषय पर सेना में शामिल होने के उद्देश्य, सैन्य जीवन की चुनौतियों और अवसरों की जानकारी दी। कैडेट्स को एनडीए, सीडीएस, एनसीसी स्पेशल एंट्री और एसएसबी चयन प्रक्रिया के बारे में बताया गया।
उन्होंने कैडेट्स को आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता, टीम भावना और प्रभावी संचार कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कैडेट्स को मिली नई जिम्मेदारी
रैंक सेरेमनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के आधार पर कैडेट्स को नई रैंक प्रदान की गई। सीनियर अंडर ऑफिसर हंशिका चौधरी, अंडर ऑफिसर वेदिका सिवाच, वार्तिका सिंह, अवनी शर्मा, बुशरा, क्वार्टर मास्टर खुशी, प्रीति, सार्जेंट मेजर अनम, प्रेरणा गौतम, सार्जेंट अलीशा, वर्षा, कॉर्पोरल पुष्पा, पारुल, आयुषी शर्मा, लांस कॉर्पोरल साबिया और खुशी रानी को नई जिम्मेदारियां दी गईं।
एनसीसी सी सर्टिफिकेट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को भी सम्मानित किया गया। सर्वाधिक अंक प्राप्त कर ए ग्रेड हासिल करने वाली अंडर ऑफिसर प्राची को विशेष सम्मान मिला। बी ग्रेड प्राप्त करने वाले सार्जेंट प्रियंशी, क्वार्टर मास्टर सार्जेंट प्रज्ञा, कॉर्पोरल तनु और कैडेट चांसी को भी सम्मानित किया गया। सी ग्रेड प्राप्त करने वाले 17 कैडेट्स का भी उत्साहवर्धन किया गया।
एनसीसी परेड से आगे व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम
कार्यक्रम में ‘Parents, ANO and Cadets Meet’ के माध्यम से अभिभावकों को एनसीसी प्रशिक्षण, उपलब्धियों और भविष्य के अवसरों की जानकारी दी गई। ‘NCC Beyond the Parade’ के तहत बताया गया कि एनसीसी केवल परेड और ड्रिल तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व, सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति का माध्यम भी है।
कर्नल होपेंद्र ठाकुर ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने समयबद्धता, ईमानदारी, जिम्मेदारी और निरंतर परिश्रम अपनाने का आह्वान किया।
प्राचार्या प्रो. निवेदिता मलिक ने कैडेट्स को भारतीय सशस्त्र सेनाओं में शामिल होकर राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कैडेट अंजलि, कनक मलिक, सार्जेंट मेजर अनम, एक्स-कैडेट लाइबा और कुणाल का विशेष सहयोग रहा।


No comments:
Post a Comment