कोविड काल के कर्मचारियों के समायोजन की तैयारी शुरू

 मेरठ में 22 अगस्त तक जमा होंगे आवेदन

मेरठ। कोविड-19 महामारी के दौरान स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। उत्तर प्रदेश शासन के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव की ओर से 12 अगस्त 2026 को जारी पत्र के अनुपालन में मेरठ जनपद में कोविड काल के कर्मचारियों के समायोजन की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

90 दिन काम करने वाले कर्मचारियों को मिलेगा लाभ

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा राम प्रसाद के  अनुसार यह प्रक्रिया कोविड-19 और ईसीआरपी-1 के तहत कार्यरत रहे अस्थायी, अल्पकालिक, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए प्रस्तावित है। योजना का लाभ उन्हीं कर्मचारियों को मिलेगा, जिन्होंने कोरोना काल में कम से कम तीन महीने यानी 90 दिन लगातार सेवा दी हो।

22 अगस्त तक जमा करना होगा आवेदन

पात्र कर्मचारियों को अपने कार्य और सेवा से संबंधित दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 22 अगस्त 2026 शाम पांच बजे निर्धारित की गई है।

आवेदन मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, मेरठ के कमरा नंबर 208 में जमा किए जा सकेंगे। आवेदकों को आवेदन के साथ अनुभव प्रमाण पत्र, नियुक्ति पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत करने होंगे।

सत्यापन के बाद आगे बढ़ेगी प्रक्रिया

स्वास्थ्य विभाग पहले कर्मचारियों के कार्य और दस्तावेजों का सत्यापन करेगा। इसके बाद राज्य स्तर से जारी होने वाले आदेशों के अनुसार समायोजन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts