बेटियां फाउंडेशन ने देश की सच्ची आजादी, नशे और बुरी आदतों से आजादी’ का दिया संदेश
मेरठ। बेटियां फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार को डॉ. अंबेडकर शिक्षा सदन, गढ़ रोड पर स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में विशेष जागरूकता एवं प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्राथमिक कक्षा के बच्चों को 15 अगस्त के महत्व, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रध्वज के सम्मान की जानकारी सरल एवं रोचक तरीके से दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई। बच्चों को तिरंगे के तीनों रंगों और अशोक चक्र के महत्व के बारे में बताया गया। इसके बाद ‘मेरा भारत–मेरा सपना’ गतिविधि के माध्यम से बच्चों ने अपने सपनों और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को व्यक्त किया।
देशभक्ति गीतों पर बच्चों ने दी प्रस्तुति
बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए बच्चों को उपहार दिए गए। कार्यक्रम में सभी बच्चों को खाने की सामग्री और जरूरत का सामान भी वितरित किया गया।
नशामुक्त भारत का दिया संदेश
कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा ‘नशा मुक्त भारत—स्वस्थ बचपन, सुरक्षित भविष्य’ जागरूकता कार्यशाला रही। बच्चों को उनकी उम्र के अनुरूप सरल भाषा में समझाया गया कि नशे और बुरी आदतों से दूर रहना क्यों जरूरी है। उन्हें अच्छी संगति, शिक्षा, खेल और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे नशे से होने वाले नुकसान को पहचान सकें और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक कर सकें।
बच्चों ने ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ और ‘पढ़ेंगे, खेलेंगे, आगे बढ़ेंगे—नशे से हमेशा दूर रहेंगे’ जैसे संदेशों के साथ सामूहिक संकल्प लिया।
जागरूक बच्चे ही बनेंगे जिम्मेदार नागरिक
बेटियां फाउंडेशन का उद्देश्य बच्चों में देशभक्ति के साथ शिक्षा, संस्कार, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूकता पैदा करना है। संस्था अध्यक्ष अंजु पाण्डेय ने कहा कि आज के जागरूक बच्चे ही कल के जिम्मेदार नागरिक बनकर परिवार, समाज और देश को मजबूत बनाएंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज प्रिंसिपल मालती, अध्यापक अनिल, मैडम रोशन, संस्था कोऑर्डिनेटर कुसुम शर्मा और उपाध्यक्ष डॉ. क्षमा चौहान सहित अन्य सहयोगियों का योगदान रहा।


No comments:
Post a Comment