विश्व अंगदान दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को दिलाई अंगदान की शपथ
मेरठ, 13 अगस्त। विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग की ओर से अंगदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अंगदान के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना रहा। प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने कहा कि मरणोपरांत अंगदान के माध्यम से एक व्यक्ति कई गंभीर मरीजों को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने कहा कि देश में अंगों की मांग और उपलब्धता के बीच बड़ा अंतर है, जिसके कारण कई मरीज प्रत्यारोपण के लिए इंतजार करते हैं। उन्होंने लोगों से अंगदान का संकल्प लेने की अपील की।
नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि विश्व अंगदान दिवस 13 अगस्त को मनाया जाता है। उन्होंने भारत सरकार के ‘अंगदान–जीवन संजीवनी अभियान’ के तहत लोगों को जागरूक करने और अंगदान की शपथ लेने के लिए प्रेरित किया। मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में नर्सिंग छात्र-छात्राओं के लिए नेत्रदान पर विशेष व्याख्यान दिया गया और डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई। डॉ. अलका गुप्ता ने कहा कि नेत्रदान से जरूरतमंद लोगों के जीवन में रोशनी लौटाने में मदद मिल सकती है। कार्यक्रम में डॉ. प्रियांक गर्ग, डॉ. जयश्री द्विवेदी, डॉ. प्रियंका गोसाई सहित परास्नातक छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment