छह दिन से लापता मासूम मिला, मेरठ पुलिस ने पंकज को परिजनों से मिलाया

मेरठ। छह दिन से लापता 14 वर्षीय पंकज के सकुशल मिलने से परिवार की चिंता आखिरकार खुशी में बदल गई। दिल्ली के बुराड़ी निवासी पंकज हरिद्वार कांवड़ लेने के लिए घर से निकला था, लेकिन रास्ते में अपने साथियों से बिछड़ गया। मेरठ पुलिस ने उसे सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार, पंकज नेशनल हाईवे-58 पर बेहोशी की हालत में मिला था। पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद बच्चे की पहचान और उसके परिवार तक पहुंचने के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया के साथ अपने खुफिया तंत्र की मदद ली।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस दिल्ली में रह रहे पंकज के परिजनों तक पहुंची और उन्हें बच्चे के मिलने की सूचना दी। खबर मिलते ही परिजन मेरठ पहुंचे। अस्पताल में अपने बच्चे को सुरक्षित देखकर मां-बाप की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े और परिवार ने राहत की सांस ली।

परिजनों ने पंकज को सकुशल खोजने और सुरक्षित रखने के लिए मेरठ पुलिस की तत्परता, त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील रवैये की सराहना की। पुलिस के प्रयासों से छह दिन से अपने बच्चे की तलाश में परेशान परिवार को आखिरकार बड़ी राहत मिली।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts