भारत माता की जय के जयकारों से गूंजा चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय

मेरठ। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत शुक्रवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा कुलपति कार्यालय से शुरू होकर डाकखाना, कैलाश प्रकाश छात्रावास और नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह होते हुए विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंची। इसके बाद यात्रा मंदिर और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास से गुजरते हुए पुन: कुलपति कार्यालय पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

यात्रा के दौरान पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंज उठा। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों का गायन किया। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का अवसर देता है। उन्होंने सभी से राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने और देश की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

यात्रा में कुलसचिव प्रो. भूपेंद्र सिंह, वित्त अधिकारी रमेश चंद्र, प्रो. मृदुल कुमार गुप्ता, प्रो. वीरपाल सिंह, प्रो. नीलू जैन गुप्ता, प्रो. कृष्णकांत शर्मा, प्रो. अतवीर सिंह, प्रो. राकेश कुमार शर्मा, प्रो. कृष्णकांत ओझा, प्रो. जमाल अहमद सिद्दीकी, प्रो. गुलाब सिंह रूहल, डॉ. दुष्यंत चौहान, डॉ. सचिन कुमार, डॉ. विवेक कुमार, डॉ. अलका तिवारी, डॉ. प्रदीप पवार, प्रेस प्रवक्ता नितेंद्र कुमार गुप्ता, प्रवीण पवार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

तिरंगा यात्रा से विश्वविद्यालय परिसर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग गया। समापन पर सभी ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts