कल कमिश्नरी पर किसानों का शक्ति प्रदर्शन, महापंचायत में जुटेंगे हजारों अन्नदाता
राकेश टिकैत की मौजूदगी में उठेंगे किसानों के मुद्दे, बिजली लोड, खाद घोटाले, गन्ना भुगतान और मूल्य को लेकर आर-पार की तैयारी
मेरठ। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के आह्वान पर आज एक सितंबर को कमिश्नरी घेराव किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। भाकियू मेरठ जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में होने वाली महापंचायत में जिलेभर से हजारों किसान ट्रैक्टरों के साथ पहुंचेंगे। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत भी किसानों के बीच मौजूद रहेंगे।
महापंचायत को सफल बनाने के लिए जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी पिछले कई दिनों से जनपद के सैकड़ों गांवों में जनसंपर्क कर किसानों के साथ बैठकें कर रहे हैं। बैठकों में किसानों की समस्याओं के साथ आंदोलन की रणनीति पर भी चर्चा की गई। भाकियू नेताओं का कहना है कि लंबे समय से उठाई जा रही समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण अब किसान आंदोलन को निर्णायक दिशा देने के लिए तैयार हैं।
बिजली, खाद और गन्ना भुगतान बने प्रमुख मुद्दे
महापंचायत में किसानों की ओर से बढ़े हुए बिजली लोड, खाद समितियों में खाद एवं ब्याज से जुड़े कथित घोटाले, चीनी के बढ़े दाम का लाभ किसानों को दिए जाने, लंबित गन्ना भुगतान और गन्ने के उचित मूल्य समेत कई मुद्दे उठाए जाएंगे। इसके अलावा तहसीलों में लेखपालों और अन्य अधिकारियों पर किसानों के शोषण के आरोप भी प्रमुखता से उठाए जाएंगे।
भाकियू के अनुसार इन समस्याओं को लेकर जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने 21 जुलाई को अपर मंडलायुक्त अमित कुमार को ज्ञापन सौंपा था। संगठन का कहना है कि ज्ञापन में उठाई गई समस्याओं पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के बाद कमिश्नरी घेराव और किसान महापंचायत का निर्णय लिया गया।
‘समाधान लेकर ही लौटेंगे किसान’
जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा कि किसान अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह एकजुट हैं। महापंचायत में किसानों की मांगों को मजबूती से प्रशासन के सामने रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो किसान अनिश्चितकालीन आंदोलन और जेल भरो आंदोलन के लिए भी तैयार हैं।
भाकियू नेताओं का कहना है कि इस बार किसान अपनी मांगों का ठोस समाधान होने तक पीछे हटने के मूड में नहीं हैं। ऐसे में महापंचायत के दौरान प्रशासन और किसानों के बीच वार्ता महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कमिश्नरी के आसपास जाम से बचने की अपील
हजारों किसानों और ट्रैक्टरों के कमिश्नरी पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने शहरवासियों से कमिश्नरी के आसपास के मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसानों का उद्देश्य आम जनता को परेशान करना नहीं है। वैकल्पिक मार्ग अपनाने से यातायात व्यवस्था बनाए रखने और जाम से बचने में मदद मिलेगी।
टिकैत की मौजूदगी से बढ़ा उत्साह
भाकियू की ओर से किसानों से बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के साथ महापंचायत में पहुंचने का आह्वान किया गया है। जिले के विभिन्न गांवों से किसानों के पहुंचने की तैयारी है। चौधरी राकेश टिकैत की मौजूदगी के चलते महापंचायत को लेकर किसानों में खासा उत्साह है। अब देखना होगा कि किसानों की मांगों पर प्रशासन क्या रुख अपनाता है और महापंचायत के बाद आंदोलन किस दिशा में आगे बढ़ता है।


No comments:
Post a Comment