दिल्ली-मेरठ नमो भारत सुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण: प्रधानमंत्री मोदी
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-मेरठ नमो भारत रैपिड रेल सिस्टम को सकारात्मक सुशासन का “बहुत अच्छा उदाहरण” बताते हुए परियोजना को समय पर पूरा करने और गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक सेवा उपलब्ध कराने के लिए इसकी सराहना की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस कॉरिडोर पर अब तक चार करोड़ से अधिक यात्री सफर कर चुके हैं, जो लोगों के बीच तेज, भरोसेमंद और समयबद्ध सार्वजनिक परिवहन की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाता है।
सुशासन में समय के महत्व पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली-मेरठ नमो भारत इसका बेहतर उदाहरण है। उन्होंने उल्लेख किया कि कॉरिडोर पर ट्रेनें 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से संचालित हो रही हैं, जो कभी देश में अकल्पनीय माना जाता था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जो परियोजना शुरू हो, उसे समय पर पूरा किया जाना चाहिए और लोगों को मिलने वाली सेवा भी समय की कसौटी पर खरी उतरनी चाहिए।
नमो भारत सेवाओं ने व्यस्ततम समय के साथ भीषण गर्मी, मानसून, कांवड़ यात्रा और दिवाली जैसे अवसरों के दौरान भी लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है। कॉरिडोर पर परिचालन की शुरुआत 21 अक्टूबर 2023 को साहिबाबाद से दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिकता खंड के उद्घाटन के साथ हुई थी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से सेवाओं का विस्तार किया गया।
22 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ मेट्रो के साथ पूरे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया। इसके बाद यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। वर्तमान में औसतन करीब एक लाख यात्री प्रतिदिन नमो भारत सेवाओं का उपयोग कर रहे हैं।
3 अगस्त 2026 को कॉरिडोर पर 1.50 लाख से अधिक यात्रियों के साथ अब तक की सर्वाधिक दैनिक यात्री संख्या दर्ज की गई। इससे पहले 8 जून 2026 को करीब 1,25,500 यात्रियों के साथ सर्वाधिक दैनिक यात्री संख्या दर्ज हुई थी।
कॉरिडोर के सबसे व्यस्त स्टेशनों में दिल्ली के सराय काले खां, न्यू अशोक नगर और आनंद विहार तथा उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और बेगमपुल शामिल हैं। इन स्टेशनों पर मेट्रो, भारतीय रेलवे, आईएसबीटी और सिटी बस सेवाओं सहित विभिन्न सार्वजनिक परिवहन साधनों के साथ कनेक्टिविटी उपलब्ध है। ये पांचों स्टेशन मिलकर कॉरिडोर की कुल यात्री संख्या में 40 प्रतिशत से अधिक का योगदान कर रहे हैं।
नमो भारत के बढ़ते यात्री आंकड़े इस बात के संकेत हैं कि दिल्ली-एनसीआर और मेरठ के बीच यात्रियों को तेज, सुरक्षित, भरोसेमंद और समयबद्ध परिवहन का विकल्प तेजी से पसंद आ रहा है।


No comments:
Post a Comment