बाबूगढ़ में एमडी रवीश गुप्ता का औचक निरीक्षण, बिजली आपूर्ति में लापरवाही पर सख्ती
हापुड़/मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने हापुड़ जिले के बाबूगढ़ क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्युत उपकेंद्र और परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एमडी ने विद्युत लाइनों के आसपास पेड़ों की नियमित कटाई-छंटाई कराने के निर्देश दिए, ताकि टहनियों के कारण होने वाले फॉल्ट को रोका जा सके। उन्होंने सबस्टेशन, यार्ड और कंट्रोल रूम को पूरी तरह स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, पिछले गर्मी के सीजन के पीक लोड और अनुभवों का विश्लेषण कर आगामी गर्मियों के लिए अभी से अग्रिम कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
एमडी रवीश गुप्ता ने स्पष्ट किया कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपभोक्ता संतुष्टि और सुरक्षित विद्युत व्यवस्था निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


No comments:
Post a Comment