मेरठ में 2400 किलो मिलावटी मावा पकड़ा, रक्षाबंधन पर होना था सप्लाई

 खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने मिलावटी मावे की बड़ी खेप पकड़ी

मेरठ। रक्षाबंधन से पहले मेरठ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने मिलावटी मावे की बड़ी खेप पकड़ी है। परतापुर थाना क्षेत्र के गांव सौलाना में शनिवार देर रात से रविवार तड़के तक तीन ठिकानों पर हुई कार्रवाई में करीब 2400 किलो मावा बरामद किया गया। प्राथमिक जांच में मावे में स्किम्ड मिल्क पाउडर (एसएमपी), डालडा, खराब फैट और सोडियम बाइकार्बोनेट जैसे पदार्थ पाए गए।

टीम के मुताबिक बरामद मावे की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये है। इसे रक्षाबंधन के मौके पर बाजार में मिठाई बनाने के लिए सप्लाई किया जाना था। खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर ही जेसीबी की मदद से पूरे मावे को नष्ट करा दिया। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग ब्रांड का करीब 577 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर भी सीज किया गया।

तीन ठिकानों पर मारा छापा

सहायक आयुक्त खाद्य सेकेंड डॉ. वेदप्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की सचल टीम पुलिस बल के साथ सौलाना गांव पहुंची। टीम ने गांव में तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की, जहां बड़ी मात्रा में मावा तैयार किया जा रहा था।

जांच के दौरान मावे में एसएमपी, डालडा, खराब फैट और सोडियम बाइकार्बोनेट मिलाने की बात सामने आई। अधिकारियों ने मौके से खोया के चार, वनस्पति घी का एक और संबंधित केमिकल के दो नमूने लिए। इसके अलावा स्किम्ड मिल्क पाउडर के तीन अलग-अलग ब्रांड के नमूने भी जांच के लिए लिए गए।

एफआईआर दर्ज, जांच जारी

एफएसडीए अधिकारियों ने बताया कि मिलावटी मावे को खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के चलते मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। साथ ही खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

क्षेत्रीय अधिकारी सत्येंद्र सिंह तोमर ने बताया कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की जांच और सैंपलिंग की कार्रवाई आगे भी की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts