गाजियाबाद में एक्सप्रेसवे पर 24.85 लाख की लूट

 पिस्टल तानकर व्यापारी के बेटे को धमकाया

गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बदमाशों ने व्यापारी के बेटे से पिस्टल के बल पर 24.85 लाख रुपये की नकदी लूट ली। वारदात 21 अगस्त की रात हाईटेक कॉलेज के पास हुई। स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने थार को ओवरटेक कर रुकवाया और अपहरण का बहाना बनाकर गाड़ी की तलाशी ली। इसके बाद व्यापारी के बेटे की कनपटी पर पिस्टल रखकर नकदी लूट ली।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और एक वाहन भी बरामद किया गया है। पुलिस एक्सप्रेसवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

पार्टनर को देने जा रहे थे 24.85 लाख

मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र के अलीबाग निवासी नईमुद्दीन डिकौली के पास कचरा प्रोसेसिंग फैक्ट्री चलाते हैं। उनका बेटा गिलमान भी फैक्ट्री के काम में सहयोग करता है। 21 अगस्त की रात गिलमान अपने चचेरे भाई समद और साथी सलीम के साथ थार से दिल्ली जा रहे थे।

गिलमान के पास 24.85 लाख रुपये कैश था। यह रकम उन्हें दिल्ली के जाफराबाद निवासी अपने पार्टनर गयूर को देनी थी।

अपहरण का बहाना बनाकर रोकी थार

गिलमान के मुताबिक, हाईटेक कॉलेज के पास पीछे से आई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी थार को ओवरटेक कर रोक लिया। स्कॉर्पियो से उतरे बदमाशों ने पिस्टल तान दी और कहा कि उनकी लड़की गायब है और उसे अगवा करके ले जाया जा रहा है। इसके बाद बदमाशों ने थार की तलाशी लेने की बात कही।

आरोप है कि बदमाशों ने गिलमान की कनपटी पर पिस्टल रखकर गोली मारने की धमकी दी और गाड़ी में रखा 24.85 लाख रुपये कैश लूट लिया। विरोध करने पर चचेरे भाई समद को पिस्टल की बट से पीटा गया। वारदात के बाद बदमाश स्कॉर्पियो से फरार हो गए।

6 मई को भी हुई थी हाईवे पर लूट

इसी वेव सिटी सर्किल के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में 6 मई 2026 को बदमाशों ने हाईवे पर फायरिंग कर कैश वैन लूट ली थी। अब एक्सप्रेसवे पर व्यापारी से हुई लाखों रुपये की लूट ने एक बार फिर हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

तीन संदिग्ध हिरासत में

एसीपी वेव सिटी प्रिया श्रीपाल के मुताबिक, व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। एक वाहन बरामद कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts