इमरान खान की शिफ्टिंग पर सस्पेंस, शिफा अस्पताल के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अस्पताल ले जाने की तैयारी, सुरक्षा के चलते परिसर से वाहन हटाए गए
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान को अदियाला जेल से इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में स्थानांतरित करने की तैयारी के बीच सस्पेंस बना हुआ है। पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट ने 18 अगस्त को उन्हें बेहतर चिकित्सा जांच और उपचार के लिए अस्पताल ले जाने का आदेश दिया था। कोर्ट के निर्देश के अनुसार उन्हें तय समयसीमा के भीतर अस्पताल पहुंचाया जाना है।
अस्पताल के बाहर सुरक्षा कड़ी
इमरान खान की संभावित शिफ्टिंग को देखते हुए शिफा इंटरनेशनल अस्पताल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल परिसर से वाहनों को हटाया गया है। अस्पताल के आसपास पाकिस्तानी सेना और इस्लामाबाद पुलिस की तैनाती की खबरें भी सामने आई हैं।
इमरान खान के इलाज के लिए मेडिकल बोर्ड गठित किए जाने का भी निर्देश दिया गया है। इसमें उनके निजी चिकित्सक और परिवार की ओर से नामित सदस्य को शामिल किए जाने की बात कही गई है।
सरकार ने दाखिल की पुनर्विचार याचिका
इमरान खान को निजी अस्पताल में शिफ्ट करने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लेकर शहबाज शरीफ सरकार ने पुनर्विचार की मांग की है। सरकार की ओर से पहले दाखिल याचिका दस्तावेजों से जुड़ी आपत्तियों के चलते वापस कर दी गई थी। इसके बाद गुरुवार को दोबारा पुनर्विचार याचिका दाखिल की गई।
सरकार का तर्क है कि जेल में बंद कैदियों के इलाज के लिए नियमों के तहत सरकारी अस्पतालों में उपचार की व्यवस्था की जा सकती है। वहीं, PTI सुप्रीम कोर्ट के आदेश का तत्काल पालन कराने की मांग कर रही है।
आधी रात तक शिफ्टिंग की समयसीमा
PTI ने कहा है कि यदि इमरान खान को गुरुवार रात 11:59 बजे तक शिफा इंटरनेशनल अस्पताल नहीं पहुंचाया गया तो वह सरकार के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई की मांग कर सकती है।
फिलहाल अस्पताल और अदियाला जेल प्रशासन की तैयारियों पर नजर बनी हुई है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार इमरान खान को अस्पताल में रहकर चिकित्सा जांच और उपचार कराना है। मामले की अगली सुनवाई 16 सितंबर को होनी है।


No comments:
Post a Comment