धैर्य प्रताप सिंह ने शूटिंग में जीता स्वर्ण पदक

सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन

मेरठ। सहारनपुर स्थित नालंदा वर्ल्ड स्कूल में 17 से 20 अगस्त 2026 तक आयोजित सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 शूटिंग चैंपियनशिप 2026-27 में बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर (BBSSM), मेरठ के प्रतिभाशाली निशानेबाज धैर्य प्रताप सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एयर पिस्टल अंडर-14 व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय और मेरठ का नाम रोशन हुआ है।

धैर्य प्रताप सिंह ने प्रतियोगिता में 378 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। लगातार अभ्यास, एकाग्रता और अनुशासन के दम पर उन्होंने शानदार निशानेबाजी का प्रदर्शन किया।

व्यक्तिगत स्पर्धा के साथ ही धैर्य ने एयर पिस्टल अंडर-14 टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक हासिल किया। अंश कुमार, अंश तोमर और धैर्य प्रताप सिंह की टीम ने कुल 1098 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

धैर्य की सफलता में उनके शूटिंग कोच जोनी चौधरी के मार्गदर्शन और नियमित प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा अनामिक के मार्गदर्शन और सहयोग से भी धैर्य को अपनी तकनीक एवं प्रदर्शन में सुधार करने में मदद मिली। कोच जोनी चौधरी ने धैर्य की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि उसने नियमित अभ्यास, एकाग्रता और अनुशासन के साथ अपनी तकनीक में लगातार सुधार किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि धैर्य भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेगा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने धैर्य प्रताप सिंह को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के खिलाड़ियों की ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं।

धैर्य प्रताप सिंह के राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। अब वह सीबीएसई नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में हैदराबाद, तेलंगाना में प्रतिभाग करेगा। विद्यालय परिवार, प्रधानाचार्य और कोच जोनी चौधरी ने उसे राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts