टीचर की पिटाई के बाद 6 साल के बच्चे की मौत, CCTV में थप्पड़ और बेहोश होकर गिरते दिखा मासूम

परिजनों का दावा- दहशत में आया हार्ट अटैक; पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

विशाखापट्टनम। विशाखापट्टनम में गुरुवार को एक निजी स्कूल में 6 साल के बच्चे की मौत के बाद हड़कंप मच गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि शिक्षक की पिटाई और कथित तौर पर प्रताड़ित किए जाने के बाद बच्चा दहशत में आ गया और उसकी हालत बिगड़ गई। कुछ ही देर बाद वह शिक्षक की गोद में बेसुध होकर गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक बच्चे की पहचान प्रणय तेजा के रूप में हुई है, जो लिटिल गार्डन्स स्कूल में UKG का छात्र था। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें शिक्षक बच्चे को अपने पास बुलाकर डांटते और थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रही है। फुटेज में बच्चा रोता और खांसता नजर आता है। इसके बाद शिक्षक कथित तौर पर उसकी यूनिफॉर्म खोलने की कोशिश करती दिखाई देती है।

कुछ ही सेकंड में बेसुध होकर गिरा बच्चा

CCTV फुटेज के मुताबिक घटना के दौरान बच्चा अचानक शांत हो जाता है और शिक्षक के ऊपर ही बेसुध होकर गिर पड़ता है। इसके बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर परिजन बच्चे को किंग जॉर्ज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

होमवर्क नहीं करने पर सजा देने का आरोप

बताया जा रहा है कि बच्चे ने होमवर्क नहीं किया था। आरोप है कि इसी बात को लेकर उसे पूरी कक्षा के सामने डांटा और पीटा गया। CCTV फुटेज सामने आने के बाद घटना का मामला और गंभीर हो गया है।

मौत की असली वजह पोस्टमार्टम से होगी साफ

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने CCTV फुटेज को जांच में शामिल किया है। पुलिस बच्चे की मेडिकल हिस्ट्री भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसे पहले से कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या तो नहीं थी।

परिजनों ने शिक्षक की कार्रवाई को बच्चे की मौत का कारण बताते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, बच्चे की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts