नशा युवाओं की प्रतिभा और भविष्य का सबसे बड़ा दुश्मन : प्रो. अनीता मोरल
मेरठ, 2 अगस्त। मेरठ कॉलेज के डॉ. रामकुमार गुप्ता सभागार में शनिवार को "नशा मुक्ति युवा विकसित भारत संकल्प अभियान" के अंतर्गत जागरूकता एवं संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
मुख्य वक्ता प्रो अनीता मोरल ने कहा कि आज नशा युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि मानसिक तनाव, गलत संगति तथा टीवी, फिल्मों और सोशल मीडिया में नशे को सामान्य जीवनशैली के रूप में प्रस्तुत किया जाना भी युवाओं को इसकी ओर आकर्षित कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, योग, खेल तथा रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर ही नशे जैसी बुराई से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा, "जो युवा स्वयं को नशे से दूर रखता है, वही अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान दे सकता है। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हमारा युवा स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त होगा।"
इस अवसर पर मेरठ कॉलेज के प्राचार्य प्रो युद्धवीर सिंह ने अपने संदेश में कहा कि राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए युवाओं का नशामुक्त, अनुशासित और संस्कारित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों और स्वस्थ जीवनशैली के विकास के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर समाज में जन-जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में चंद्रशेखर भारद्वाज, राजीव कुमार, अर्चना सिंह, सीमा पंवार एवं अनिल राठी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment