आईआईएमटी में तैराकी का महासंग्राम शुरू
सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन-1 चैम्पियनशिप का शुभारंभ, 200 स्कूलों के 1000 तैराक दिखाएंगे दम
मेरठ। आईआईएमटी एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन-1 (19वीं) बालक तैराकी चैम्पियनशिप 2026-27 का गुरुवार को प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं मेरठ दक्षिण के विधायक डॉ. सोमेंद्र तोमर ने शुभारंभ किया।
आईआईएमटी विश्वविद्यालय परिसर स्थित अत्याधुनिक स्विमिंग पूल में आयोजित यह प्रतियोगिता 1 अगस्त तक चलेगी। इसमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और नोएडा रीजन के करीब 200 विद्यालयों के 1000 बालक तैराक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में आईआईएमटी विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति डॉ. मयंक अग्रवाल, आईआईएमटी स्कूल्स की प्रबंध संचालिका पियांशु अग्रवाल, डायरेक्टर डॉ. पी.के. शर्मा, आईआईएमटी एकेडमी की प्रधानाचार्या अलका शर्मा तथा आईआईएमटी स्टार्ज की प्रधानाचार्या मनीषा मेहता ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और 'सेव वॉटर-सेव अर्थ' विषय पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति से हुई।
अपने संबोधन में डॉ. मयंक अग्रवाल ने कहा कि प्रतियोगिताएं केवल जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि सीखने और स्वयं को बेहतर बनाने का अवसर होती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। वहीं पियांशु अग्रवाल ने खिलाड़ियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाते हुए प्रत्येक बूंद बचाने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि डॉ. सोमेंद्र तोमर ने आईआईएमटी प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और सरकार खेलों तथा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर सुविधाएं, प्रोत्साहन और अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और कठिन परिश्रम को सफलता का आधार बनाने का आह्वान किया।
उद्घाटन समारोह के बाद एनसीसी कैडेट्स की अगुवाई में ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने स्विमिंग पूल में विभिन्न स्पर्धाओं का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
चैम्पियनशिप में 11, 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी फ्रीस्टाइल, बैकस्ट्रोक, बटरफ्लाई, मेडले और रिले स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं। 50 से 1500 मीटर तक की विभिन्न प्रतियोगिताओं में खिलाड़ी अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। इसमें नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, नैनीताल, काशीपुर, देहरादून, हरिद्वार और ऋषिकेश सहित विभिन्न जनपदों के विद्यालयों के तैराक भाग ले रहे हैं।


No comments:
Post a Comment