मेरठ कॉलेज में प्रोफेसरों की डिजिटल पाठशाला

 150 शिक्षकों ने सीखा लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम का प्रभावी उपयोग

मेरठ। शिक्षण कार्य को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में मेरठ कॉलेज में शनिवार को "लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (एलएमएस): फीचर्स एंड एप्लीकेशंस" विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। डॉ. रामकुमार गुप्ता सभागार में आयोजित इस कार्यशाला में कॉलेज के विभिन्न विभागों के लगभग 150 शिक्षकों ने भाग लेकर डिजिटल शिक्षण के आधुनिक तरीकों की जानकारी हासिल की।

कार्यशाला की मुख्य वक्ता प्रोफेसर प्रगति रस्तोगी ने कहा कि वर्तमान समय में लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (एलएमएस) शिक्षा की अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने बताया कि बदलते शैक्षणिक परिवेश में शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच बेहतर संवाद, प्रभावी शिक्षण और पारदर्शी मूल्यांकन के लिए एलएमएस सबसे उपयोगी माध्यम है। उन्होंने शिक्षकों से डिजिटल तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया।

प्रोफेसर रस्तोगी ने एलएमएस की विभिन्न विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसके माध्यम से शैक्षणिक डेटा का सुव्यवस्थित प्रबंधन, पाठ्यक्रम और लेसन प्लान का आयोजन, अध्ययन सामग्री साझा करना, विद्यार्थियों की प्रगति की निगरानी, ऑनलाइन असाइनमेंट एवं परीक्षाओं का संचालन, उपस्थिति और प्रदर्शन का रिकॉर्ड सुरक्षित रखना तथा डिजिटल नोटिस जारी करना बेहद आसान हो जाता है।

उन्होंने गूगल क्लासरूम की कार्यप्रणाली को भी विस्तार से समझाते हुए बताया कि यह केवल ऑनलाइन कक्षाओं का मंच नहीं, बल्कि अध्ययन सामग्री, असाइनमेंट, मूल्यांकन और विद्यार्थियों की प्रगति को एक ही प्लेटफॉर्म पर व्यवस्थित रखने वाला संपूर्ण शिक्षण तंत्र है। वहीं, गूगल मीट का उपयोग मुख्य रूप से ऑनलाइन कक्षाओं और बैठकों के लिए किया जाता है।

कार्यशाला को सफल बनाने में डॉ. अनिल राठी, डॉ. अनीता मोरल और प्रोफेसर ललित कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रोफेसर एन.पी. सिंह और गरिमा बाधवा ने आयोजन में सक्रिय सहयोग दिया, जबकि कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र शर्मा ने किया।

कार्यशाला के समापन पर शिक्षकों ने एलएमएस को भविष्य की शिक्षा व्यवस्था का मजबूत आधार बताते हुए इसे नियमित शिक्षण प्रक्रिया में अपनाने का संकल्प लिया। प्रो. चंद्रशेखर भारद्वाज ने प्रशिक्षण को ज्ञानवर्धक, व्यावहारिक और समय की मांग के अनुरूप बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन पर जोर दिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts