विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस पर आर.जी. रेंजर्स का स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण अभियान

मेरठ। विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस के अवसर पर रघुनाथ गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, मेरठ की आर.जी. रेंजर्स टीम ने शनिवार को स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर सेवा, अनुशासन एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के तहत रेंजर्स ने महाविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। छात्राओं को विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए गए, जिन्हें अपने घरों के आसपास रोपित कर उनके संरक्षण का भी संकल्प दिलाया गया। इसके साथ ही पोस्टरों के माध्यम से छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता (पर्सनल हाइजीन) के प्रति जागरूक किया गया।

महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. निवेदिता मलिक ने कहा कि स्काउट स्कार्फ केवल वर्दी का हिस्सा नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, अनुशासन और मानवता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रेंजर्स समाज में सकारात्मक परिवर्तन के सशक्त वाहक हैं और उनके सेवा कार्य नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

रेंजर लीडर डॉ. सुनीता सिंह ने कहा कि विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस स्काउट-गाइड आंदोलन के मूल आदर्श "सदैव तत्पर" की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व को जीवन का हिस्सा बनाकर ही एक सशक्त और संवेदनशील समाज का निर्माण किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि आर.जी. रेंजर्स टीम लगातार सामाजिक सेवा, वृक्षारोपण, रक्तदान जागरूकता, जल संरक्षण, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, आपदा प्रबंधन, मतदाता जागरूकता, योग, नशा मुक्ति अभियान और अन्य सामुदायिक सेवा गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। टीम का उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना है।

कार्यक्रम के अंत में सभी रेंजर्स ने स्काउट स्कार्फ धारण कर सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts