गुरु पूर्णिमा पर भजन संध्या व पौधा वितरण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
मेरठ, 29 जुलाई। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर द आर्ट ऑफ लिविंग मेरठ की ओर से गढ़ रोड स्थित राजा रानी मंडप में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भजन, ध्यान और गुरु वंदना के माध्यम से गुरुदेव श्री श्री रविशंकर के प्रति अपनी श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
प्रसिद्ध भजन गायिका नमिता मलिक ने 'मैं कृतज्ञ हूँ', 'राम कृष्ण हरी मुकुंद मुरारी', 'मेरे सतगुरु हर पल करूं तेरा शुक्रिया' तथा 'नारायण नारायण जय-जय गोविंद हरे' जैसे भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और सामूहिक रूप से ध्यान एवं गुरु वंदना में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान द आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से श्रद्धालुओं को पौधे वितरित किए गए। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। सभी उपस्थित लोगों ने "एक पौधा – गुरुदेव के प्रति श्रद्धा, प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी" का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
आयोजन की सफलता में हरी लाठे, डॉ. शुभा श्रीवास्तव, मोहित कपूर, अश्विनी अरोड़ा सहित स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
वेस्ट यूपी एबीसी (आर्ट ऑफ लिविंग ब्यूरो ऑफ कम्युनिकेशन) के कोऑर्डिनेटर पुलकित त्यागी ने बताया कि मेरठ के साथ-साथ आगरा, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, मुरादाबाद और बरेली सहित पश्चिम उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में भी गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विशेष सत्संग, ध्यान, सेवा गतिविधियों एवं मानव मूल्यों पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में साधकों और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरुदेव के प्रति अपनी श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की।




No comments:
Post a Comment