नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव

सीसीएसयू में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ का शुभारंभ, प्रधानमंत्री का संबोधन सुना

मेरठ, 2 अगस्त। सीसीएसयू  में रविवार को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय के सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों ने सहभागिता की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। कार्यवाहक कुलपति प्रो. हरे कृष्ण ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का उपयोग सकारात्मक दिशा में करेंगे। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. डीके चौहान ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

नशा मुक्ति को आत्मिक शुद्धि से जोड़ा
मुख्य कुलानुशासक प्रो. वीरपाल सिंह ने प्रेरणादायी एवं आध्यात्मिक उद्बोधन में नशा मुक्ति को आत्मिक शुद्धि और सामाजिक उत्थान से जोड़ते हुए युवाओं को जागरूक किया। कार्यवाहक कुलसचिव प्रो. भूपेंद्र सिंह ने ध्यान के माध्यम से अंतर्मन की चेतना को सशक्त बनाने का अभ्यास कराया।

नशे के दुष्प्रभाव बताए
मुख्य अतिथि न्यूरोसाइकियाट्रिस्ट डॉ. रवि राणा ने विभिन्न प्रकार के नशे और उनके शरीर पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को नशे से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक नुकसान के प्रति सचेत किया। इसके बाद प्रो. भूपेंद्र सिंह ने उपस्थित लोगों को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ की शपथ दिलाई।

प्रेक्षागृह में उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ऑनलाइन माध्यम से सुना और देखा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. केके शर्मा ने किया। इस अवसर पर डॉ. संदीप अग्रवाल, डॉ. आराधना, डॉ. गार्गी, डॉ. रजनी श्रीवास्तव, डॉ. निर्लेप कौर, डॉ. वंदना, डॉ. प्रिया, डॉ. प्रदीप, डॉ. सीपी सिंह, डॉ. अलका तिवारी, डॉ. कुलदीप सिंह मलिक, डॉ. अंजली शर्मा, करतार सिंह, नेहा राजपूत, प्रियांशी भारद्वाज, आकांक्षा, संघमित्रा, स्वाति सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. डीके चौहान ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने अतिथियों, आयोजकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts