नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत

शोभित विश्वविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रमों की धूम, विद्यार्थियों ने पोस्टर, स्लोगन, निबंध व नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश

मेरठ, 2 अगस्त। शोभित इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी) में ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत 2026’ अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी युवा संबोधन का विश्वविद्यालय परिसर में सजीव प्रसारण रहा। विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से संबोधन सुना और नशामुक्त भारत का संकल्प दोहराया।

प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को देश की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए सकारात्मक सोच, नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व और जनजागरूकता अभियानों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

नशे से दूर रहने का लिया संकल्प
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कुँवर शेखर विजेंद्र ने कहा कि नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

प्रतियोगिताओं में दिखी रचनात्मकता
अभियान के तहत विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों और विभागों ने पोस्टर मेकिंग, युवा संवाद, प्रेरक व्याख्यान, स्लोगन लेखन, निबंध लेखन और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज ने पोस्टर मेकिंग, स्कूल ऑफ लॉ एंड कॉन्स्टीट्यूशनल स्टडीज ने युवा संवाद एवं व्याख्यान, स्कूल ऑफ बायोमेडिकल इंजीनियरिंग एंड हेल्थ साइंसेज ने स्लोगन लेखन, स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी इंजीनियरिंग एंड लाइफ साइंसेज ने निबंध लेखन तथा स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर एंड एनवायरनमेंटल साइंसेज ने नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता कराई।

पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘जीवन चुनें, नशा नहीं’ और ‘डिजिटल यूथ फॉर अ ड्रग-फ्री इंडिया’ जैसे विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। नुक्कड़ नाटक, निबंध और स्लोगन के जरिए विद्यार्थियों ने नशे के दुष्परिणामों तथा स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने ‘नशा मुक्त भारत–विकसित भारत’ का संकल्प दोहराया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि यह अभियान युवाओं को स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts