मेरठ रेंज में स्वतंत्रता दिवस पर हाई अलर्ट
24 जोन और 81 सेक्टर में बांटा रेंज, 302 चेकिंग प्वाइंट पर निगरानी; केमिकल विक्रेताओं पर भी नजर
मेरठ। कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण समापन के बाद अब स्वतंत्रता दिवस को लेकर मेरठ रेंज पुलिस हाई अलर्ट पर है। मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रेंज को 24 जोन और 81 सेक्टर में बांटकर 62 क्यूआरटी सक्रिय की गई हैं। संवेदनशील स्थानों, बाजारों, शिक्षण संस्थानों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
डीआईजी रेंज कलानिधि नैथानी ने बुधवार को पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने बॉर्डर से लेकर शहर के प्रमुख बाजारों और परिवहन केंद्रों तक सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा है। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ ही स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।
बॉर्डर पर बढ़ाई सुरक्षा
ऑपरेशन शील के तहत रेंज के सभी जनपदों की सीमाओं पर पुलिस बल बढ़ाया गया है। बॉर्डर प्वाइंट पर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। बाहरी जिलों से आने वाले संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश हैं।
काली फिल्म और हूटर वाले वाहन निशाने पर
ऑपरेशन पहचान के तहत काली फिल्म लगे वाहनों, हूटर वाले वाहनों और तीन सवारी वाले वाहनों की विशेष चेकिंग की जा रही है। वाहन जांच के साथ उसमें सवार लोगों की पहचान भी सुनिश्चित की जा रही है।
होटल, ढाबे और स्टेशन भी जांच के दायरे में
ऑपरेशन स्वीप के तहत होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और सराय की जांच की जा रही है। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भी पुलिस टीमें तलाशी अभियान चला रही हैं। यहां ठहरने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
मेरठ में सबसे ज्यादा 134 चेकिंग प्वाइंट
रेंज के चारों जिलों में कुल 302 चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। इनमें मेरठ में 134, बुलंदशहर में 90, बागपत में 47 और हापुड़ में 31 चेकिंग प्वाइंट हैं। इन स्थानों पर पुलिस टीमें लगातार वाहनों की जांच करेंगी।
62 क्यूआरटी समेत भारी पुलिस बल तैनात
सुरक्षा व्यवस्था के लिए रेंज में 7 अपर पुलिस अधीक्षक, 26 क्षेत्राधिकारी, 91 निरीक्षक, 634 उप निरीक्षक, 1,183 हेड कांस्टेबल, 1,263 कांस्टेबल और 405 होमगार्ड/पीआरडी जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा एक कंपनी पीएसी भी लगाई गई है। 62 क्यूआरटी को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचने के लिए अलर्ट रखा गया है।
केमिकल विक्रेताओं को दिए निर्देश
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर केमिकल की दुकानों और वितरकों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। दुकानदारों को संबंधित पुलिस अधिकारियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए गए हैं। किसी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा रसायन खरीदने या उसकी गतिविधि संदिग्ध लगने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेंज के चारों जनपदों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। बॉर्डर, सार्वजनिक स्थल, शिक्षण संस्थान, बाजार और परिवहन केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment