बारिश के बाद भी कम नहीं हुई उमस
36 डिग्री तक पहुंचा तापमान, हवा में नमी से चिपचिपी गर्मी ने बढ़ाई परेशानी; 14 से 17 अगस्त तक भारी बारिश के आसार
मेरठ। बारिश के बावजूद मेरठ में उमस से राहत नहीं मिल पा रही है। गुरुवार सुबह धूप निकलने से पहले ही वातावरण में चिपचिपाहट महसूस होने लगी। दो दिन पहले करीब 100 मिमी बारिश के बाद लोगों को मौसम ठंडा होने की उम्मीद थी, लेकिन हवा में नमी अधिक होने और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने से उमस ने परेशानी बढ़ा दी है। दिनभर लोग पसीने और चिपचिपी गर्मी से बेहाल रहे।
मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में बारिश के आसार जताए हैं। पूर्वानुमान के अनुसार 13 और 14 अगस्त को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जबकि 14 से 17 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना है। इसके बावजूद फिलहाल बढ़ती उमस से लोगों को राहत नहीं मिल रही है।
जुलाई में बारिश ने तोड़ा 24 साल का रिकॉर्ड
मेरठ में जुलाई में करीब 585 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे पिछले 24 वर्षों का रिकॉर्ड टूट गया। अगस्त में भी अब तक करीब 150 मिमी बारिश हो चुकी है। इसके बाद भी तापमान और उमस लोगों को परेशान कर रही है।
नमी अधिक होने से महसूस हो रही चिपचिपी गर्मी
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला के अनुसार गुरुवार को तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बारिश के बाद वातावरण में नमी अधिक रहने से तापमान कम होने के बावजूद गर्मी ज्यादा महसूस होती है। ऐसे मौसम में लोगों को पर्याप्त पानी पीने, शरीर को सूखा रखने और पसीने से भीगे कपड़े जल्द बदलने की सलाह दी गई है।
अस्पतालों में बढ़े त्वचा रोग के मरीज
उमस का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। गर्मी और उमस से परेशान मरीज अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। त्वचा संबंधी समस्याओं के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। लगातार पसीना आने और त्वचा पर नमी बने रहने से खुजली, घमौरियां और फंगल इंफेक्शन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।


No comments:
Post a Comment