पूर्व उपसभापति आशीष बनर्जी की मौत पर सियासी घमासान

 ब्लैकमेलिंग के दबाव की आशंका; निष्पक्ष जांच के निर्देश

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्य मंत्री और विधानसभा के पूर्व उपसभापति आशीष बनर्जी की संदिग्ध मौत को लेकर राज्य में सियासी आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने आशंका जताई है कि आशीष बनर्जी पर किसी तरह का ब्लैकमेलिंग या धमकी का दबाव बनाया गया हो सकता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री अधिकारी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद आशीष बनर्जी ने अपनी ही पार्टी के भीतर कथित अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई थी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से दूरी बना ली थी और तृणमूल कांग्रेस के निष्कासित विधायक ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले विद्रोही गुट का साथ देने का फैसला किया था।

अधिकारी ने कहा कि यह जांच जरूरी है कि कहीं तृणमूल कांग्रेस से जुड़े किसी व्यक्ति ने उन्हें डराया या ब्लैकमेल तो नहीं किया था। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद आशीष बनर्जी से उनके व्यक्तिगत संबंध अच्छे थे।

सुसाइड नोट और मोबाइल की होगी जांच

मुख्यमंत्री ने पुलिस और जिला प्रशासन को घटना की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सुसाइड नोट और मोबाइल फोन की जांच की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक को किसी ने धमकी दी थी या उस पर किसी प्रकार का दबाव बनाया गया था।

उन्होंने पोस्टमार्टम भी नियमानुसार और पूरी सावधानी से कराने के निर्देश दिए। अधिकारी ने आशीष बनर्जी को व्यक्तिगत रूप से ईमानदार बताते हुए कहा कि उनके सभी राजनीतिक सहयोगियों के बारे में ऐसा नहीं कहा जा सकता।

टीएमसी ने भाजपा और मीडिया पर लगाया आरोप

वहीं, तृणमूल कांग्रेस के एक वर्ग ने दावा किया है कि आशीष बनर्जी पर राज्य सरकार के प्रशासनिक दबाव और भाजपा की कथित बदनाम करने की मुहिम का असर था। इन आरोपों को मुख्यमंत्री अधिकारी ने खारिज कर दिया।

उन्होंने कहा कि पुलिस या प्रशासन की ओर से आशीष बनर्जी को कोई नोटिस नहीं दिया गया था और भाजपा की ओर से भी उन्हें नाम लेकर धमकी दिए जाने की जानकारी नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके बावजूद जांच के जरिए हर संभावित पहलू को सामने लाना जरूरी है।

इस बीच, तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर आशीष बनर्जी की मौत के लिए भाजपा और मीडिया को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, ममता बनर्जी की ओर से रविवार देर शाम तक इस मामले में कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts